भोपाल। 
कॉलेज के पास संचालित शराब दुकान के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने उग्र प्रदर्शन किया। एमएलबी गर्ल्स कॉलेज और एसवी को-एड कॉलेज के नजदीक शराब दुकान होने से नाराज छात्रों ने सड़क जाम कर दी और दुकान पर पथराव भी किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। एबीवीपी ने प्रशासन पर नियमों की अनदेखी और छात्राओं की सुरक्षा से समझौता करने के आरोप लगाए, जबकि प्रशासन ने मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया है।
छात्राओं की सुरक्षा पर उठे सवाल, सड़क जाम कर किया विरोध
भोपाल के पॉलिटेक्नीक चौराहा पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने बुधवार दोपहर जोरदार प्रदर्शन किया। राजा भोज सेतू से पॉलिटेक्नीक चौराहा तक का रास्ता जाम कर दिया गया, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हुई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, लेकिन प्रदर्शन धीरे-धीरे उग्र होता गया।
शराब दुकान पर पथराव, बोर्ड फाड़ा
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं का गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने शराब दुकान के बोर्ड पर चढ़कर उसे फाड़ दिया। इतना ही नहीं, दुकान पर पथराव भी किया गया और उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। इस दौरान ट्रैफिक खुलवाने में लगे प्रशासनिक अमले और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई।
100 मीटर दायरे में शराब दुकान, नियमों पर सवाल
एबीवीपी की केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य शालनी वर्मा ने आरोप लगाया कि पॉलिटेक्नीक चौराहा स्थित शराब दुकान, एमएलबी गर्ल्स कॉलेज और एसवी को-एड कॉलेज जैसे शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि यह नियमों का सीधा उल्लंघन है और इसमें प्रशासन की मिलीभगत साफ नजर आती है।