भोपाल। 
मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने चालू वित्तीय वर्ष का तीसरा अनुपूरक बजट पेश किया। यह बजट 19 हजार 287 करोड़ 32 लाख रुपए का है, जिस पर 23 फरवरी को चर्चा होगी। इसके साथ ही सदन में आर्थिक सर्वेक्षण भी पेश किया गया। वहीं कांग्रेस विधायक आतिफ अकील ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने का संकल्प पेश किया। उन्होंने कहा कि हर धर्म का सम्मान होना चाहिए। गाय के अवशेषों के व्यापार पर रोक लगनी चाहिए। इस पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि मस्जिदों में मुल्ला-मौलवियों से कसम करवा दी जाए तो गाय कटनी बंद हो जाएगी।
इंदौर में दूषित पानी से मौतों पर कांग्रेस का प्रदर्शन
सत्र से पहले कांग्रेस विधायकों ने इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी से हुई मौतों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार गंदे पानी की बोतल लेकर विधानसभा पहुंचे। उज्जैन के तराना से विधायक महेश परमार ने सरकार और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया।
‘मोदियाबिंद’ बनाम ‘मोतियाबिंद’ पर मजाकिया बहस
कांग्रेस विधायक भंवर सिंह शेखावत ने कहा कि मोदियाबिंद की कोई दवा नहीं है। इस पर रामेश्वर शर्मा ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि समय पर दवा ली होती तो वे बीजेपी में होते। बाद में स्पष्ट हुआ कि बात “मोदियाबिंद” की थी, जिस पर सभापति ने टिप्पणी विलोपित करने के निर्देश दिए। भाजपा विधायक सीता शरण शर्मा ने कहा कि बीजेपी सरकार की योजनाओं के कारण 140 करोड़ जनता को “मोदियाबिंद” होना स्वाभाविक है। उन्होंने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी 206 से 6 सीटों पर सिमट सकती है।