भोपाल। 
विधानसभा सत्र के दौरान महिला कांग्रेस ने मंगलवार को भोपाल में महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोसी सेठिया के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर बैठकर थाली बजाई और रोटियां बेलीं। कार्यकर्ताओं ने खाली कड़ाही, चकला, बेलन और गैस सिलेंडर लेकर यह संदेश दिया कि महंगाई के कारण महिलाएं परेशान हैं। हालत यह है कि रसोई का बजट गड़बड़ा गया है। दालें, अनाज, तेल सहित अन्य खाद्य सामग्री महंगी हो गई है। गरीब लोग गैस सिलेंडर नहीं भरवा पा रहे हैं।
प्रदर्शन को नाम दिया रसोई संसद
महिला कांग्रेस ने अपने प्रदर्शन को रसोई सांसद नाम दिया। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोसी ने कहा कल यानी 18 फरवरी को आने वाले बजट में यदि महंगाई से राहत नहीं मिली, तो हम 19 फरवरी को वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के बंगले का घेराव करेंगे।
गरीबों को जंगल से लाना पड़ रहीं लकड़ियां
रीना बोसी ने कहा कि मध्य प्रदेश में मंत्रालय के सामने उज्ज्वला योजना की ऐसी स्थिति है कि आदिवासियों के छोटे-छोटे बच्चों को खाना पकाने के लिए जंगल से लड़कियां सिर पर ढोकर लानी पड़ रही हैं, तब उनके घर का चूल्हा जलता है। मध्य प्रदेश में 16 लाख हितग्राही ऐसे हैं, जो योजना में अपना एक सिलेंडर भी नहीं भरवा पाए।
400 रुपए में दें गैस सिलेंडर
महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता रूपाली शर्मा ने कहा हम महिलाएं महंगाई के कारण इतने परेशान हैं कि घर का चूल्हा नहीं जला पा रहे। हमारी सरकार से एक ही मांग है कि आप गैस का सिलेंडर ₹400 का कर दो। पहले यही बीजेपी वाले कांग्रेस को खूब कोसते थे, लेकिन कांग्रेस के जमाने में ₹400 में सिलेंडर मिलता था। आप तो वही ₹400 का सिलेंडर कर दो। यदि ऐसा नहीं करते हैं, तो हम वित्त मंत्री के बंगले का घेराव करेंगे।