बुरहानपुर में आरिफ मसूद ने अपनी ही पार्टी नेताओं को दी खुली चेतावनी
भोपाल/बुरहानपुर।
कांग्रेस के भोपाल विधायक आरिफ मसूद बुरहानपुर पहुंचे तो उनका अंदाज बदला हुआ था। सिर पर भगवा साफा बांधे मंच पर पहुंचे मसूद ने जहां भाजपा पर हमला बोला, वहीं अपनी ही पार्टी के नेताओं को सख्त लहजे में नसीहत दे डाली। उनके बयान के बाद प्रदेश कांग्रेस की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
‘भाजपा के खौफ में मत आइए’
सभा को संबोधित करते हुए आरिफ मसूद ने कहा,“मैं कांग्रेस पार्टी के लोगों से कहना चाहता हूं कि भाजपा के खौफ में न आएं। कांग्रेस नेताओं को मजबूती के साथ हर मरहले में हमारे साथ खड़ा होना चाहिए। अगर आप हमारे साथ खड़े नहीं होंगे, तो याद रखिए, कल हम आपको स्थायी रूप से घर बैठा देंगे। उनका यह बयान सीधे तौर पर पार्टी के अंदरूनी असंतोष और गुटबाजी की ओर इशारा करता माना जा रहा है।
मंच से ही दिखी नाराज़गी
दरअसल, कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की ओर से एसआईआर के तहत लगाई जा रही कथित फर्जी आपत्तियों के विरोध में यह सभा आयोजित की गई थी। बताया जा रहा है कि मसूद के बुरहानपुर पहुंचने पर उनकी ही पार्टी के कुछ स्थानीय नेताओं ने दूरी बना ली थी। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मंच से दिया गया उनका कड़ा बयान उसी नाराजगी का परिणाम हो सकता है।
भगवा साफा भी बना चर्चा का विषय
सभा में आरिफ मसूद का भगवा साफा पहनकर पहुंचना भी चर्चा का केंद्र रहा। उनके इस अंदाज को लेकर कई तरह के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। कुल मिलाकर, बुरहानपुर की यह सभा कांग्रेस के भीतर चल रही खींचतान को सार्वजनिक मंच तक ले आई है, जिसके दूरगामी राजनीतिक असर देखने को मिल सकते हैं।

राजनीतिक माहौल गरमाया, सीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना