भोपाल। 
एक ओर मोहन सरकार प्रदेश के जागरुक लोगों से मिले बजट सुझावों को कम्पाइल कर 18 फरवरी को पेश होने वाले बजट में उसे स्थान देने की तैयारी में जुटी है तो दूसरी ओर विपक्ष के नेता ने सरकार से सीधा सवाल करने प्रदेश के नागरिकों से समस्याओं की जानकारी मांगी है। इसके लिए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने एक व्हाट्सएप नम्बर भी रिलीज किया है जिसमें समस्याओं, घोटालों की जानकारी के साथ प्रमाण भी देने के लिए कहा गया है।
व्हाट्सएप नम्बर जारी कर मांगी जानकारी
नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने एक्स पर अपने अकाउंट में लिखा है कि मध्यप्रदेश विधानसभा बजट सत्र 2026 में प्रदेश के लोग सरकार से करें सीधा सवाल। इसमें कहा गया है कि क्या आप यानी लोग सिस्टम की नाकामियों से त्रस्त हैं? क्या भ्रष्टाचार, माफिया राज, अत्याचार, विभागीय लापरवाही या भर्ती घोटालों से जुड़े किसी सच को सामने लाना चाहते हैं? ऐसा चाहते हैं तो अब आपकी आवाज विधानसभा तक पहुंचेगी। सिंघार ने लिखा है कि विधानसभा में विपक्ष आपके यानी प्रदेश के लोगों के सवालों पर जिम्मेदारों से जवाब लेगा। सिंघार ने प्रदेश की जनता से आह्वान किया है कि अगर उनके पास इन मुद्दों से जुड़ी कोई भी जानकारी, दस्तावेज, फोटो, वीडियो, कॉल रिकार्डिंग या अन्य ठोस प्रमाण हैं तो उन्हें साझा करें। इसके लिए नेता प्रतिपक्ष ने अपना व्हाट्सएप नम्बर और ई-मेल भी एक्स पर साझा किया है। साथ ही कहा है कि शिकायत करने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
बजट तैयारी में जुटी सरकार
दूसरी ओर मोहन यादव सरकार प्रदेश के आगामी बजट की तैयारियों में जुटी है। मोहन सरकार के तीसरे बजट के लिए वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा और उनकी पूरी टीम इस समय विभागों से मिले प्रस्तावों, नई घोषणाओं और पूर्व में हुई घोषणाओं पर अमल की डिटेल को कम्पाइल करने में जुटे हैं ताकि 16 फरवरी को शुरू होने वाले विधानभा के बजट सत्र के दौरान सरकार जनता के हितों के बजट को मूर्त रूप दे सके। एमपी सरकार का बजट 18 फरवरी को सदन में पेश किया जएगा।