• मुनिश्री बोले- परिवार को समय दें
  •  प्रेम और त्याग की कमी से बिखर रहे रिश्ते

भोपाल। कस्तूरबा नगर जैन मंदिर में गुरुवार को आचार्य विशुद्ध सागर महाराज के शिष्य मुनिश्री आदित्य सागर महाराज सहित अन्य मुनिगण का पदार्पण हुआ। मुनि संघ में मुनिश्री अपरिमित सागर महाराज, मुनि सहज सागर महाराज और गौरव श्रेय सागर महाराज शामिल थे। मुनिश्री आदित्य सागर महाराज ने अपने संबोधन में कहा आज के समय में परिवारों में विश्वास और प्रेम की कमी के कारण रिश्ते बिखर रहे हैं। जहांगीराबाद जैन मंदिर से पद विहार करते हुए मुनि संघ का ज्योति टॉकीज चौराहे पर भव्य स्वागत किया गया। धर्म ध्वजाओं के साथ शोभायात्रा जिनालय तक पहुंची। मंदिर समिति के अध्यक्ष सुनील जैनाविन ने बताया कि मुनि संघ ने भगवान जिनेंद्र की वंदना की, जिसके बाद अभिषेक और शांति धारा का आयोजन हुआ। अपने आशीर्वचन में मुनि आदित्य सागर महाराज ने वर्तमान समय की चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज के समय में परिवारों में विश्वास और प्रेम की कमी के कारण रिश्ते बिखर रहे हैं। उन्होंने त्याग की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि त्याग के बिना जीवन में कुछ भी प्राप्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने लोगों को प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ परिवार को भी समय देने की सलाह दी। मुनिश्री ने कहा कि संबंध चाहे आध्यात्मिक हों, व्यावहारिक हों या परमार्थिक, उन्हें कभी नहीं टूटना चाहिए। उन्होंने बताया कि आजकल गलती से कम, गलतफहमी से ज्यादा रिश्ते टूट रहे हैं। कार्यक्रम में मंदिर समिति के पदाधिकारी शील चंद्र जैन, केवल चंद जैन, देव कुमार गुडा, अशोक बड़कुल, अंकेश जैन, सुधीर जैनाविन, आशीष, रितेश, सौरभ जैन तथा महिला मंडल की पदाधिकारी उपस्थित रहीं। सभी ने मुनि संघ से आशीर्वाद प्राप्त किया।