सागर।
आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप जीतने पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने छतरपुर के घुवारा की खिलाड़ी क्रांति से फोन पर बात की और जीत की बधाई दी. फोन पर बात करते हुए मंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड की बेटी ने विश्व में न सिर्फ बुंदेलखंड बल्कि मध्य प्रदेश और देश का नाम दुनिया भर में रोशन किया है. उन्होंने क्रांति से कहा कि जब वह घर वापस आएगी, तो यहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा.
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने की क्रांति गौड़ से बात
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 के फाइनल में भारत की शानदार जीत की बधाई देते हुए कहा है कि देश की बेटियों ने दुनिया भर में देश का नाम रोशन किया है. गोविंद सिंह राजपूत ने बुंदेलखंड के छतरपुर के ग्राम घुवारा की क्रिकेटर क्रांति गौड़ से फोन पर बात की और उन्हें जीत की बधाई देते हुए उत्साहवर्धन किया. मंत्री ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक और गौरवशाली क्षण है.
जब हमारी बेटियों ने पूरे विश्व में अपने देश व अपने बुंदेलखंड का नाम रोशन किया. उन्होंने क्रांति गौड़ सहित सभी खिलाड़ियों को शानदार जीत की बधाई देते हुए कहा कि आप सभी को जीत की अनंत शुभकामनाएं. उन्होंने कहा जब क्रांति गौड़ लौटकर आएंगी, तो उनका भव्य स्वागत किया जाएगा. क्रांति गौड ने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को धन्यवाद देते हुए कहा कि मुझे भी बहुत अच्छा लग रहा है कि हमारे बुंदेलखंड का नाम विश्व में रोशन हुआ. हम सभी खिलाड़ी बहुत खुश हैं कि हम सब की मेहनत और टीम भावना से भारत ने नया इतिहास रचा है.
हमारी बेटियां किसी से कम नहीं
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सीएम मोहन यादव खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए हमेशा काम करते हैं. हमारे देश की बेटियों ने विश्व में कई कीर्तिमान स्थापित कर देश का नाम रोशन किया है. भारतीय महिला टीम की जीत पर पूरे देश में जश्न मना रहा है. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने हमारे बुंदेलखंड की बेटी क्रांति गौड़ के लिए 1 करोड़ की राशि की घोषणा की है. मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने इंडिया वूमेंस टीम की जीत पर बुंदेलखंड, प्रदेश और देश वासियों को बधाई दी और कहा कि हमारे देश की बेटियों ने बता दिया है कि वे किसी से कम नहीं है."