जयपुर में फैक्ट्री मालिक ने कार से 9 को कुचला,3 की मौत

-
7km तक नशे में गाड़ी दौड़ाई, लोगों की मदद से पकड़ाया
जयपुर। जयपुर में तेज रफ्तार SUV कार ने सड़कों पर कोहराम मचा दिया। नशे में धुत फैक्ट्री मालिक ने शहर के भीड़ भरे इलाके में 7 किलोमीटर तक रफ्तार में SUV दौड़ाई। बेकाबू कार ने पैदल चल रहे और गाड़ी सवार 9 लोगों को कुचल दिया। हादसे में एक महिला समेत 3 लोगों की मौत हो गई। 6 लोग गंभीर घायल हैं। घटना सोमवार रात करीब 9.30 बजे की है। पुलिस के अनुसार सबसे पहले शहर की एमआई रोड पर एक तेज रफ्तार कार के वाहनों को टक्कर मारने की जानकारी मिली थी। इसके बाद कार शहर की तंग गलियों में घुस गई। यहां लोगों को टक्कर मारने के बाद कार एक तंग गली में फंसी तो आरोपी को पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पकड़ लिया। मंगलवार सुबह से लोग नाहरगढ़ थाने के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। वे मृतकों के लिए मुआवजे की मांग कर रहे हैं।