ट्रेन से युवक का पैर कटा, एंबुलेंस नहीं आई

-
पुलिस ने ऑटो से अस्पताल पहुंचाया
भोपाल। मंगलवारा पुलिस की मुस्तैदी से शुक्रवार को एक युवक की जान बच गई। दोपहर करीब 12 बजे रेलवे ट्रैक पार करते समय घनश्याम चौकसे (40) का पैर कट गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस जवान शुभम और दीवान सिंह घायल को ऑटो से अस्पताल ले गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस 108 को कॉल किया, लेकिन, एंबुलेंस नहीं आई। डॉक्टर ने बताया कि अगर कुछ देर और हो जाती तो युवक की जान जा सकती थी। थाना प्रभारी अजय सोनी ने बताया कि घटनास्थल जीआरपी के अधीन है। घायल की जान बचाने के लिए जवानों ने तत्परता दिखाई। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को कॉल किया था। उस समय एंबुलेंस करोंद में थी।
चादर पर युवक को लिटाया, ऑटो से ले गए युवक की जान बचाने का वीडियो सामने आया है। इसमें पुलिस जवानों ने चादर पर युवक को लिटाया, फिर ऑटो से उसे अस्पताल ले गए। इस चादर से ही घायल को ट्रैक से बाहर ऑटो तक लाए थे। घटनाक्रम के बीच एंबुलेंस को कॉल किया या नहीं। यह साफ नहीं हो सका है।
13 किमी दूर से भेजी थी दूसरी एंबुलेंस... डायल 100 के तरुण सिंह ने बताया कि हमें कॉल आया था, लेकिन करीबी एंबुलेंस दूसरी लोकेशन पर थी। 13 किमी दूर से दूसरी एंबुलेंस भेजी थी। लोकेशन से करीब एक किमी पहले कॉलर से बात हुई तो उन्होंने कहा कि वे निजी वाहन से मरीज को ले जा रहे हैं।