• लोकायुक्त में दर्ज 55 मामलों में सिर्फ 15 केसों में मिली अभियोजन की स्वीकृति

भोपाल स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग के डॉक्टरों और कर्मचारियों के खिलाफ लोकायुक्त, ईओडब्ल्यू में दर्ज मामलों में सरकार की ओर से अभियोजन की स्वीकृति देने में सालों का वक्त गुजर रहा है। मार्च 2020 से अब तक लोकायुक्त, ईओडब्ल्यू, सीबीआई, ईडी में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने मांगी थी। डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल ने जयवर्धन सिंह को दिए जवाब में बताया कि ईओडब्ल्यू में 6 मामले दर्ज हुए हैं और लोकायुक्त में 55 मामले पिछले 5 सालों में दर्ज किए गए हैं।

ईओडब्ल्यू में दर्ज 6 मामले

  • 25 मई 2021 को सीहोर सीएमएचओ कार्यालय के स्टोर कीपर केबी वर्मा के खिलाफ 420, 120 बी, 201 के तहत केस दर्ज किया गया था। मामले की जांच चल रही है।
  • 10 मार्च 2022 को नरसिंहपुर जिला अस्पताल के फार्मासिस्ट अमित तिवारी, और तत्कालीन सिविल सर्जन विजय मिश्रा के खिलाफ 409, 420, 120 बी और भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था। मामले की जांच चल रही है।
  • 15 मार्च 2022 को जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉ अशोक साहू और उनकी पत्नी प्रोफेसर डॉ तृप्ति गुप्ता के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था। इस मामले में दोनों आरोपियों की अभियोजन की स्वीकृति मिलने के बाद इस साल 18 फरवरी को चालान पेश किया गया है।
  • 26 जुलाई 2022 को भोपाल के चिकित्सा,शिक्षा संचालनालय में सहायक ग्रेड 2 हीरो केसवानी के खिलाफ ईओडब्ल्यू ने केस दर्ज किया था। मामले की जांच चल रही है। हीरो केसवानी के घर छापेमारी में 85 लाख से ज्यादा कैश जब्त हुआ था। बडे़ पैमाने पर प्रॉपर्टी के दस्तावेज मिले थे।