• 25-26 मार्च को हो सकती है 'शहर सरकार' की बैठक

  • होली बाद एमआईसी होगी

भोपाल। भोपाल नगर निगम की बजट मीटिंग 25 या 26 मार्च को हो सकती है। इसमें जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं। संभावना है कि 'शहर सरकार' जलकर को 10% तक बढ़ा सकती है। ऐसा होता है जनता को हर महीने 20 रुपए ज्यादा चुकाने पड़ेंगे। बजट मीटिंग से पहले एमआईसी (मेयर इन कौंसिल) में यह प्रस्ताव लाया जा सकता है। एमआईसी होली के बाद होगी। जिसमें जल कर, संपत्ति कर जैसे कई विषयों पर चर्चा होगी। यदि सभी एमआईसी सदस्य टैक्स बढ़ाने पर सहमत होते हैं तो परिषद में प्रस्ताव लाया जाएगा। जानकारी के अनुसार, इस बार बजट 2600 करोड़ से ज्यादा का हो सकता है।

3 साल पहले बढ़ा था टैक्स

बता दें कि करीब 3 साल पहले जल कर पर 15% की वृद्धि की गई थी। शहर में पौने 3 लाख से ज्यादा नल कनेक्शन हैं। इनमें 2 लाख कनेक्शन 2400 स्क्वेयर फीट या इससे कम एरिये वाले मकानों में लगे हैं। करीब 25 हजार कनेक्शन 2400 स्क्वेयर फीट एरिये वाले मकानों में लगे हैं। बाकी गरीब वर्ग के घरों में कनेक्शन है। जिन लोगों के मकान 2400 स्क्वेयर फीट तक एरिये में बने हैं, उन्हें 210 रुपए देने पड़ रहे हैं। प्रतिमाह 30 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। जिनके मकान 2400 स्क्वेयर फीट से अधिक एरिये में बने हैं, वे 300 रुपए प्रतिमाह चुका रहे हैं।