ट्रम्प की धमकी के बाद अमेरिका को खनिज देगा यूक्रेन

-
डील करने शुक्रवार को व्हाइट हाउस पहुंचेंगे जेलेंस्की
-
ट्रम्प ने जंग में मदद रोकी थी
वॉशिंगटन/कीव। यूक्रेन, अमेरिका को रेयर अर्थ मटेरियल (दुर्लभ खनिज) देने पर राजी हो गया है। यूक्रेन और अमेरिका दोनों देशों के अधिकारियों ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि जेलेंस्की इस डील पर साइन करने के लिए शुक्रवार को अमेरिका का दौरा कर सकते हैं। ट्रम्प करीब 1 महीने से यूक्रेन सरकार पर अमेरिका को दुर्लभ खनिज देने को लेकर दबाव बना रहे थे। उनका कहना था कि यदि यूक्रेन को अमेरिकी मदद चाहिए तो उसे 500 बिलियन डॉलर के दुर्लभ खनिज अमेरिका को देने होंगे उन्होंने जेलेंस्की को धमकी दी थी कि यदि उन्होंने ऐसा नहीं किया तो अमेरिका यूक्रेन को और मदद देना बंद कर देगा। खास बात यह है कि रेयर अर्थ मटेरियल डील को लेकर जेलेंस्की एक दिन पहले तक तैयार नहीं थे।
अमेरिका ने 500 बिलियन डॉलर के खनिज की मांग छोड़ी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यूक्रेन के साथ नई खनिज डील में अमेरिका ने 500 बिलियन डॉलर के खनिज की मांग छोड़ दी है। हालांकि, उसने यूक्रेन की सुरक्षा गारंटी देने से भी इनकार कर दिया है। अमेरिकी अधिकारी इसका विरोध कर रहे थे। यूक्रेन डील के बदले में अमेरिका से सुरक्षा गारंटी की मांग कर रहा था। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका दुर्लभ खनिज के बदले यूक्रेन के री-डेवलपमेंट (पुनर्विकास) में मदद करेगा।
ट्रम्प ने कहा-
अमेरिका ने यूक्रेन को 300 से 350 बिलियन डॉलर की मदद है। हम वह पैसा वापस चाहते हैं। अमेरिकियों को उनका पैसा वापस मिलने जा रहा है।
मीडिया से बात करते हुए ट्रम्प ने कहा कि अगर यूक्रेन में संघर्ष को समाप्त करने के लिए समझौता हो जाता है, तो वहां पीसकीपिंग फोर्स की भी जरूरत होगी।
यूक्रेन के पास दुनिया का 5% कच्चा माल
यूक्रेन के पास रेयर अर्थ मटेरियल के दुनिया के कुल कच्चे माल का लगभग 5% है। इसमें ग्रेफाइट का लगभग 19 मिलियन टन भंडार शामिल हैं। इसके अलावा यूरोप के कुल लीथियम भंडार का 33% हिस्सा यूक्रेन के पास है। जंग की शुरुआत से पहले ग्लोबल टाइटेनियम उत्पादन में 7% हिस्सा यूक्रेन का था।
यूक्रेन के पास रेयर अर्थ मटेरियल के कई अहम भंडार हैं। हालांकि, जंग के बाद इनमें से कई रूस के कब्जे में पहुंच गए हैं। यूक्रेनी मंत्री यूलिया स्विरीडेन्को के मुताबिक रूस के कब्जे वाले यूक्रेनी हिस्से में 350 अरब डॉलर के संसाधन मौजूद हैं।