•  दोषी संजय ने कहा- मैंने जुर्म नहीं किया, मुझे फंसाया गया
  • सीबीआई बोली- फांसी हो

कोलकाता। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर के रेप-मर्डर के दोषी संजय रॉय को दोपहर 2:45 बजे सियालदह कोर्ट सजा सुनाएगा। 12:30 बजे कोर्ट ने दोषी संजय, सीबीआई और पीड़ित परिवार के वकील की बातें सुनीं। जज अनिर्बान दास ने संजय से कहा कि यह बताया जा चुका है कि तुम किन अपराधों के दोषी हो। अदालत ने संजय को बोलने का मौका दिया था। संजय ने कहा- मैंने कोई जुर्म नहीं किया, न रेप और न मर्डर। मुझे जबरन फंसाया गया। मुझे प्रताड़ित किया गया। जहां चाहा, वहां दस्तखत करवा लिए।
संजय के वकील ने कहा- भले ही यह रेयरेस्ट केस हो, लेकिन इसमें सुधार की गुंजाइश होनी चाहिए। अदालत को यह दिखाना होगा कि दोषी क्यों सुधार या पुनर्वास के लायक नहीं है। सरकारी वकील को सबूत पेश करने होंगे, कारण बताने होंगे कि वह व्यक्ति सुधार के लायक क्यों नहीं है और उसे समाज से पूरी तरह खत्म कर देना चाहिए। इस पर सीबीआई के वकील ने कहा- जनता में इंसाफ पर भरोसा बना रहे, इसके लिए हम कोर्ट से दोषी संजय रॉय के लिए फांसी की सजा की प्रार्थना करते हैं। यह बहुत ही जघन्य अपराध है। वहीं, पीड़ित परिवार के वकील ने कहा- दोषी को मौत की सजा मिलनी चाहिए।
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा- हम फांसी की सजा की मांग करते हैं। संजय की मां और बहन ने कहा है कि वे सजा के खिलाफ अपील नहीं करेंगे, भले ही फांसी ही क्यों न दी जाए। मां ने कहा कि मैं उस लड़की के मां-बाप का दुख समझती हूं, मेरी भी बेटियां हैं।