पंजाब-हरियाणा और यूपी में विजिबिलिटी जीरो, राजस्थान में बारिश की संभावना

- 14 राज्यों में कोहरा, दिल्ली-कोलकाता एयरपोर्ट पर 295 फ्लाइट लेट
नई दिल्ली। देश के 14 राज्यों में घने कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली विजिबिलिटी घटकर जीरो मीटर तक पहुंच गई है। इस कारण कई फ्लाइट्स और ट्रेनें लेट हुईं। अकेले दिल्ली एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह 255 फ्लाइट्स निर्धारित समय पर उड़ान नहीं भर सकीं। 43 फ्लाइट्स को रद्द कर दिया गया। दिल्ली स्टेशन पर ट्रेनें अपने निर्धारित समय से लेट पहुंचीं। कोलकाता एयरपोर्ट पर भी 40 फ्लाइट्स लेट हुईं, वहीं, 5 कैंसिल कर दी गई। चंडीगढ़, अमृतसर और आगरा एयरपोर्ट पर भी फ्लाइट्स प्रभावित हुईं।
राजस्थान और मध्य प्रदेश के भी कई जिलों में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी 100 मीटर तक रह गई। मौसम विभाग ने कहा है कि राजस्थान के कुछ जिलों में कल बारिश हो सकती है, लेकिन मध्यप्रदेश में बारिश के कोई आसार नहीं है। हालांकि, यहां 2 दिन बाद ठंड से राहत मिल सकती है। उधर, हिमाचल के 7 जिलों में आज बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी बर्फबारी का दौर अभी नहीं रुकेगा। इन राज्यों में बर्फबारी के कारण ही उत्तर भारत के राज्यों में तापमान में और गिरावट हो सकती है।