• पीथमपुर की परिस्थितियों से सरकार कोर्ट को अवगत कराएगी 

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पीथमपुर में यूनियन कार्बाइड के कचरे के निपटान को लेकर उठ रहे विरोध और अफवाहों पर संज्ञान लिया है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे किसी भी गलत सूचना पर विश्वास न करें और सरकार उनके साथ है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पीथमपुर में यूनियन कार्बाइड के कचरे के निपटान को लेकर उत्पन्न विवादों और विरोध को लेकर मुख्यमंत्री निवास पर देररात आपात बैठक बुलाई। मुख्यमंत्री ने बैठक के बाद  कहा कि उनकी सरकार इस मुद्दे पर पूरी संवेदनशीलता से काम कर रही है। हमारी सरकार जनकल्याणकारी और जनहितैषी है। सरकार ने उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार ही कचरे का परिवहन पीथमपुर में किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमने न्यायालय की याचिकाओं और आदेशों के तारतम्य में सुरक्षा मापदंडों का परिपालन करते हुए केवल परिवहन किया है। माननीय न्यायालय ने इस कार्य के लिए डेडलाइन दी थी कि 4 जनवरी के पहले-पहले कचरा निर्धारित स्थान पर पहुंचना चाहिए। न्यायालय को 6 जनवरी तक इसकी रिपोर्ट अपेक्षित थी। न्यायालय के आदेश का पालन करने के लिए ही कचरे को पीथमपुर पहुंचाया गया है। 
कोर्ट को उत्पन्न परिस्थितियों की पूरी जानकारी देंगे 
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे पीथमपुर की वर्तमान परिस्थितियों और व्यावहारिक कठिनाइयों के बारे में उच्च न्यायालय को पूरी जानकारी देंगे। साथ ही, उन्होंने जनता से अफवाहों और भ्रमित करने वाली खबरों पर विश्वास न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह और उनकी सरकार जनता के साथ है।  मुख्यमंत्री ने अंत में जनता से यह भी आग्रह किया कि वे सरकार पर विश्वास रखें, क्योंकि सरकार उनकी सुरक्षा और कल्याण के लिए काम कर रही है। 
बैठक में मंत्री और अधिकारी रहे उपस्थित 
बैठक में उप मुख्यमंत्रीद्वय जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल, वरिष्ठ सांसद और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष  विष्णु दत्त शर्मा, नगरीय विकास एवं आवास  मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और मुख्य सचिव अनुराग जैन, मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, प्रमुख सचिव विधि सहित वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में यूनियन कार्बाइड के कचरे के डंप किए जाने संबंधित कार्यों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
पीथमपुर में बंद के बीच हो रहा विरोध 
बता दें पीथमपुर में यूनियन कार्बाइड के 337 टन कचरे निपटान की योजना के खिलाफ शुक्रवार को बंद के बीच बवाल मच गया। लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। राऊ पीथमपुर मार्ग पर बैठे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर पथराव कर दिया। इसमें कई लोग घायल हो गए। इस बीच दो लोगों ने खुद को आग लगा ली, जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया। लोगों का कहना है कि पीथमपुर में कचरे को जलाने से स्थानीय लोगों को और पर्यावरण को नुकसान पहुंचेंगा।