साइबर पुलिस ने बुजुर्ग को लौटाए पांच लाख, दो गिरफ्तार

- जालसाजों ने ठगे थे साढ़े आठ लाख रुपए
भोपाल। राज्य साइबर पुलिस ने बुजुर्ग को पांच लाख रुपये लौटाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि साइबर जालसाजों ने बुजुर्ग से साढ़े आठ लाख रुपये ठगे थे। दोनों आरोपी बीकानेर (राजस्थान) से पकड़े गए हैं। राज्य सायबर पुलिस ने 81 साल के बुजुर्ग व्यक्ति को करीब पांच लाख रुपये वापस करवाए हैं। सायबर जालसाजों ने बुजुर्ग के बैंक एकाउंट में हवाला की राशि होने का कहकर उन्हें डिटिजल अरेस्ट किया और मुंबई क्राइम ब्रांच, सीबीआई और बैंक अफसर बनकर करीब साढ़े आठ लाख रुपये ठग लिए थे। इस मामले में दो जालजासों को राजस्थान के बीकानेर से पकड़ा गया है। गिरोह के अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार मई 2024 में बुजुर्ग व्यक्ति को अज्ञात व्यक्ति ने स्टेट बैंक का अधिकारी बनकर कॉल किया था। उसने बुजुर्ग को बताया कि उनके केवायसी दस्तावेजों का उपयोग कर एक फर्जी खाता खुलवाया गया है, जिसमें हवाला का पैसा आया है। इस प्रकार मुंबई क्राइम ब्रांच, सीबीआई, ईडी के अधिकारी बनकर आवेदक को डिजिटली अरेस्ट किया गया और डरा-धमकाकर उनसे 8 लाख 45 हजार 866 रुपये की ठगी की गई थी। शिकायत मिलने पर राज्य सायबर पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था।
विवेचना के दौरान पुलिस ने अपराध से संबंधित सभी बैंक खातों की जानकारी ली तो वह अलग-अलग राज्यों में पाए गए। इसके बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की जानकरी प्राप्त की गई। इसमें खाता धारक और खाते में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर के उपयोगकर्ता नोखा बीकानेर राजस्थान के होना पाए गए। आरोपियों की पहचान होते ही राज्य साइबर पुलिस की एक टीम बीकानेर राजस्थान पहुंची तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खाते में कुल 10 लाख 2 हजार 336 रुपये थे, जिन्हें पुलिस ने फ्रीज करवा दिए। इसमें से 81 साल के बुजुर्ग से ठगी गई राशि में कुल 4 लाख 99 हजार 999 रुपये की राशि आवेदक को सुपुर्द भी कराई गई।