टीकमगढ़। 
टीकमगढ़ लोकसभा सांसद और केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक रविवार सुबह टीकमगढ़ शहर की सिविल लाइन की सड़कों पर ट्राइसाइकिल चलाते हुए नजर आए। उन्हें देखकर लोग हैरान रह गए। ट्रायसाइकिल से वे सिविल लाइन की गलियों में पहुंचे और स्वच्छता अभियान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जगह-जगह रुककर स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनी। हालांकि, इससे पहले खटीक कभी पैदल, तो कभी बस, बाइक से लोगों के बीच पहुंचते रहे हैं। लेकिन इस बार उनका ये नया अंदाज लोगों के बीच फिर से चर्चा में बना हुआ है। कुछ समय के लिए लोग उनका ये अंदाज देखकर दंग रह गए।यह नजारा पहली बार नहीं था। हमेशा लो-प्रोफाइल रहने वाले मंत्री कभी बाइक पर, कभी पैदल और कभी बस में सफर करते दिख जाते हैं। रविवार को उन्होंने मोहल्लों की हालात जानने के लिए ट्रायसाइकिल का सहारा लिया।
आठ बार के सांसद, चार बार टीकमगढ़ से
वीरेंद्र खटीक अब तक आठ बार लोकसभा सांसद चुने जा चुके हैं। वर्तमान में वे लगातार चार बार से टीकमगढ़ लोकसभा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इससे पहले वे सागर लोकसभा क्षेत्र से भी चार बार सांसद रह चुके हैं। इस समय वे नरेंद्र मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। अपने क्षेत्र में आने पर वे हमेशा सीधे जनता के बीच नजर आते हैं। अक्सर उन्हें बिना सुरक्षा के थैला लेकर सब्जी खरीदते या आम लोगों से मिलते हुए देखा जाता है।
'लाव-लश्कर से दूरी बेहतर'
डॉ. वीरेंद्र खटीक का कहना है कि जब वे बिना सुरक्षा के घूमते हैं या सब्जी लेने जाते हैं तो लोग उनसे आसानी से जुड़ जाते हैं और खुलकर अपनी समस्याएं बताते हैं। उनका मानना है कि राजनीति में लाव-लश्कर के साथ घूमना ठीक नहीं है, क्योंकि इससे मतदाताओं और नेताओं के बीच दूरी बढ़ जाती है।