• मादा चीता निरवा ने दिया पांच शावकों को जन्म

भोपाल।  कूनो नेशनल पार्क में मादा चीता नीरवा ने पांच स्वस्थ शावकों को जन्म देकर पार्क में चीतों की संख्या 29 कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस उपलब्धि पर सोशल मीडिया के माध्यम से खुशी जाहिर की। कूनो नेशनल पार्क से वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी आई है। यहां मादा चीता नीरवा ने पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। इस नई वृद्धि के साथ अब पार्क में चीतों की कुल संख्या 29 हो गई है, जो भारत में चीता पुनर्वास योजना की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। कूनो नेशनल पार्क में चीता परियोजना के तहत अफ्रीकी देशों से लाए गए चीतों के प्राकृतिक वातावरण में सफल प्रजनन को वन विभाग और विशेषज्ञों की कड़ी मेहनत का परिणाम बताया जा रहा है। हाल ही में कूनो से दो चीते मंदसौर के गांधीसागर अभ्यारण्य में शिफ्ट किए गए थे, जिससे पार्क में चीतों की संख्या 24 रह गई थी। लेकिन अब नीरवा के पांच शावकों के आगमन से यह आंकड़ा फिर से 29 पर पहुंच गया है।