प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस से तापमान में आई गिरावट

-
एक अप्रैल को हल्की बारिश का अलर्ट
भोपाल। मध्य प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से तापमान में गिरावट आई है। कई जिलों में चार डिग्री से ज्यादा तापमान लुढ़क गया है। मौसम विभाग कहना है कि शनिवार को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। एक अप्रैल को हल्की बारिश होने का अलर्ट है।
मध्यप्रदेश में अप्रैल की शुरुआत हल्की बारिश के साथ हो सकती है। मौसम विभाग ने 1 अप्रैल को भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम और जबलपुर संभाग के 13 जिलों में मौसम के बदलने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से ऐसा हो सकता है। अभी अफगानिस्तान के ऊपर सिस्टम एक्टिव है, जो आगे बढ़ रहा है। पश्चिमी भारत में सिस्टम असर दिखा सकता है। हालांकि, इससे पहले प्रदेश में गर्मी का असर देखने को मिलेगा।
शुक्रवार को भोपाल में तीखी धूप खिली रही। वहीं, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर समेत अन्य शहरों में भी ऐसा मौसम रहा, लेकिन पारे में गिरावट देखने को मिली।
भोपाल में 3.8 डिग्री लुढ़का पारा, अन्य शहरों में भी गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिली। भोपाल में 3.8 डिग्री की गिरावट के बाद पारा 34.9 डिग्री पर आ गया। गुना में तापमान 4.4 डिग्री तक लुढ़क गया और यहां 35.8 डिग्री दर्ज किया गया।
ग्वालियर में 4.5 डिग्री की गिरावट के बाद तापमान 35 डिग्री पर आ गया। इंदौर में भी 3.9 डिग्री लुढ़का और तापमान 33.7 डिग्री दर्ज किया गया। उज्जैन में 2.5 डिग्री की गिरावट के बाद पारा 35.5 डिग्री दर्ज किया गया।