जिला अस्पताल दे रहा भाजपा जिलाध्यक्ष के ड्राइवर का वेतन! बसपा नेता के दावे से मचा सियासी बवाल
श्योपुर।
भाजपा के जिलाध्यक्ष शशांक भूषण का ड्राइवर अंकित शर्मा का वेतन श्योपुर जिला अस्पताल से जारी हो रहा है। जबकि अंकित शर्मा भाजपा जिलाध्यक्ष के यहां काम कर रहा है। ये आरोप बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष मिश्रालाल बैरवा ने लगाया है। बैरवा ने रविवार की शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ये आरोप लगाए। हालांकि बैरवा ने 2 दिन पहले भी इस तरह के आरोप के साथ फेसबुक पर पोस्ट भी की थी, लेकिन रविवार को उन्होंने जिला अस्पताल के आउटसोर्स कर्मचारियों की सूची के साथ ये आरोप लगाया है।
बसपा नेता ने पीसी कर लगाए गंभीर आरोप
बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ने कहा कि अंकित शर्मा पुत्र मून कुमार शर्मा निवासी वार्ड 8 श्योपुर जिला अस्पताल में आउटसोर्स पर मल्टी स्किल वर्कर के रूप में कार्यरत है, इसका वेतन भी जिला अस्पताल से ही जारी होता है। लेकिन काम भाजपा जिलाध्यक्ष के यहां करता है।
बैरवा ने कहा कि भाजपा जिलाध्यक्ष जैसा आदमी इस तरह का कृत्य कर रहा है, जो सीधे सीधे अनियमितता की श्रेणी में आता है। साथ ही जिला अस्पताल के सिविल सर्जन की मिली भगत भी इसमें साफ नजर आती है, क्योंकि इसकी जगह यदि किसी गरीब आदमी को नौकरी मिलती तो उसका भला होता। बैरवा ने इस मामले में कार्रवाई की मांग उठाई है।
जिला अस्पताल के सर्जन ने दी सफाई
अंकित शर्मा मल्टी स्किल वर्कर के रूप में कार्यरत है। ये जिला अस्पताल में काम करता है तो सैलेरी भी यहीं से निकलेगी। अब यहां ड्यूटी के बाद वह कहां काम करता है, इसकी जिम्मेदारी हमारी नहीं है। हां यदि वह अस्पताल में अपने काम से गायब रहता है तो जानकारी ली जाएगी।
- डॉ. आरबी गोयल, सिविल सर्जन, जिला अस्पताल, श्योपुर

बिलासपुर से अयोध्या धाम के लिए स्पेशल ट्रेन रवाना, 850 तीर्थ यात्रियों को मिलेगा काशी-विश्वनाथ दर्शन का अवसर
उत्कृष्ट गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से रोशन हो रहा प्रदेश का भविष्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
धमतरी में ‘STREE’ परियोजना का शुभारंभ: 300 ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा आत्मनिर्भरता का नया रास्ता
केरल के मुख्य सचिव डॉ. ए. जयतिलक का छत्तीसगढ़ दौरा