शहडोल। 
एमपी में बीजेपी की एक महिला नेता की हत्या की कोशिश की गई है। शहडोल में यह वारदात हुई जहां म​हिला नेता को ट्रेक्टर चढ़ाकर कुचलने की कोशिश की गई। उन्हें घायलावस्था में अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज किया गया। शहडोल जिले में बकहो नगर परिषद की अध्यक्ष मौसमी केवट पर यह जानलेवा हमला रविवार को किया गया। उन्होंने राजनीति रंजिश के चलते हत्या की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए मामले की सीएम मोहन यादव को भी शिकायत की है। बीजेपी की नगर परिषद अध्यक्ष मौसमी केवट पर ट्रैक्टर चढ़ाकर कुचलने की कोशिश की हालांकि वे बाल-बाल बच गई। अमलाई थाना क्षेत्र में बकहो नगर परिषद के वार्ड नं. 1 आदिवासी मोहल्ला में यह वारदात हुई। नगर परिषद अध्यक्ष मौसमी केवट सार्वजनिक रास्ता बंद किए जाने का विरोध करने पहुंची थीं तभी ट्रैक्टर चालक शकील ने ट्रैक्टर उनकी ओर मोड़ते हुए चढ़ाने की कोशिश की। मौसमी केवट छलांग लगाकर ट्रैक्टर से कुचलने से बच गई लेकिन उनका पैर जख्मी हो गया।
जमीनी विवाद के चलते अध्यक्ष पर हमला
घायल होने पर उन्हें तुरंत धनपुरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बाद में नगर परिषद अध्यक्ष मौसमी केवट ने आरोप लगाया कि कुछ पार्षदों सहित अन्य नेताओं ने उनकी हत्या की साजिश रची। नगर परिषद अध्यक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बीजेपी ने दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है। इधर अमलाई थाना प्रभारी जेपी शर्मा ने कहा कि जमीनी विवाद के चलते अध्यक्ष पर हमला किया गया है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।