सतना/भोपाल।
सतना जिले की पौड़ी मंकरही सड़क अब सिर्फ खराब निर्माण का मामला नहीं रही, बल्कि सरकार के भीतर ही सवालों का विषय बन गई है। नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी के सड़क निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने उनसे पूछा कि जब इस सड़क को पहले ही अमानक घोषित कर दिया गया था, तो निरीक्षण के लिए मौके पर जाने की जरूरत क्या थी ?
दरअसल, पौड़ी मंकरही मार्ग (करीब 3 किलोमीटर) के नवीनीकरण कार्य की गुणवत्ता को लेकर लोक निर्माण विभाग ने पहले ही जांच कर ली थी। विभागीय अधिकारियों की जांच में यह सड़क अमानक पाई गई थी। रिपोर्ट में साफ लिखा गया कि पीएससी का काम मानकों के अनुरूप नहीं है। इसे दोबारा मानक के अनुरूप बनाने के निर्देश भी थे। इसके बावजूद शनिवार को मंत्री प्रतिमा बागरी निरीक्षण के लिए वहां पर पहुंचीं। मौके पर उन्होंने सड़क पर चलते हुए उखड़ी हुई सतह देखी और नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान सड़क उखड़ने के वीडियो और तस्वीरें सामने आईं, जो बाद में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गईं।