बैरसिया रोड पर सड़क हादसा, ट्रॉली पलटी

-
ढलान से उतरने पर बिगड़ा संतुलन
-
मुंडन में शामिल होने जा रहे 7 लोग घायल
भोपाल। भोपाल के बैरसिया रोड पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गुनगा थाना क्षेत्र के गोंगा कलारा गांव के पास मुंडन संस्कार में जा रही ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 8 से 10 लोग घायल हो गए। ट्रॉली में सेन समाज के करीब 15 से 20 लोग सवार थे। घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। 10 संजीवनी 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू हुआ। ट्रॉली पलटने के बाद कई लोग उसके नीचे दब गए थे, जिन्हें ग्रामीणों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। गुनगा थाना के सब इंस्पेक्टर एचएस वर्मा ने बताया कि सभी लोग मुंडन संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। ट्रॉली जैसे ही ढलान से नीचे उतरी, उसका संतुलन बिगड़ा और वह पलट गई। दुर्घटना में कई लोगों को सिर और हाथ-पैर में चोटें आई हैं। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे में 8 से 10 लोग घायल हो गए
घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए बैरसिया अस्पताल भेजा गया है। 108 एम्बुलेंस के सीनियर मैनेजर तरुण सिंह परिहार ने बताया कि सभी घायलों को तत्काल हॉस्पिटल पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा वाहन में तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या चालक की लापरवाही इसका कारण बनी।