रीवा।
मध्य प्रदेश की रीवा संसदीय सीट से बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा हमेशा सुर्खियों में रहते हैं. कभी अपने तीखे बयानों की वजह से चर्चा में आ जाते हैं तो कभी मंच के जरिए सामने बैठी जनता से बघेली अंदाज में हंसी ठिठोली करके लाइमलाइट में आ जाते हैं. कहीं कार्यक्रमों में लोगों के बिखरे जूते-चप्पल व्यवस्थित करते दिख जाते हैं. अब एक बार फिर जनार्दन मिश्रा अपने अलग अंदाज के कारण चर्चा में आ गए हैं. उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वो ऐसा कुछ करते दिख रहे हैं, जिससे लोग उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं.
बीजेपी सेवा पखवाड़ा के रुप में मना रही पीएम मोदी का जन्मदिन
दरअसल, आज यानी 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन है. भारतीय जनता पार्टी पीएम के जन्मदिन को राष्ट्रव्यापी सेवा पखवाड़ा अभियान के रूप में मना रही है. इसी के चलते मध्य प्रदेश के कई जिलों में अलग-अलग प्रकार के कई आयोजन भी किए जा रहे हैं. रीवा में इसकी शुरुआत बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा ने अपने उसी अंदाज से की जिसके लिए वह अक्सर सुर्खियों में रहते हैं.
जनार्दन मिश्रा ने गांव के बच्चों को नहलाया
सांसद जानर्दन मिश्रा मंगलवार को त्योंथर के पूर्व बीजेपी विधायक श्यामलाल द्विवेदी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ त्योंथर विधानसभा क्षेत्र के बड़ागांव पंचायत पहुंचे. जहां उन्होंने सेवा पखवाड़ा अभियान की शुरुआत की. जनार्दन मिश्रा ने गांव में रहने वाले मुसहर समाज के ऐसे बच्चों को बुलाया जो स्कूल नहीं जाते हैं.
इसके बाद सांसद ने उन बच्चों को अपने हाथों से साबुन से रगड़-रगड़कर नहलाया. उनके कपड़े धुले, उनके नाखून काटे और साफ-सुथरे कपड़े पहनाकर 17 सितंबर को पीएम मोदी के जन्म दिवस पर स्कूल में प्रवेश कराने के लिए उन्हें तैयार किया.