• इतिहास गवाह है, यही BJP-RSS का कैरेक्टर

  • कांग्रेस के शेर-शेरनियां कभी झुकते नहीं

 भोपाल। राहुल गांधी ने मंगलवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ऑपरेशन सिंदूर और प्रधानमंत्री मोदी पर बयान दिया। राहुल बोले कि ट्रम्प का एक फोन आया और नरेंद्र जी तुरंत सरेंडर हो गए। उन्होंने कहा, "इतिहास गवाह है, यही BJP-RSS का कैरेक्टर है। ये हमेशा झुकते हैं। भारत ने 1971 में अमेरिका की धमकी के बावजूद पाकिस्तान को तोड़ा था। कांग्रेस के बब्बर शेर और शेरनियां सुपर पावर से लड़ते हैं, कभी झुकते नहीं हैं।

राहुल ने इंदिरा को पुष्पांजलि दी, सीएम मोहन यादव बोले- जूते क्यों नहीं उतारे

राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर पूर्व प्रधानमंत्री और अपनी दादी इंदिरा गांधी को पुष्पांजलि दी। इस दाैरान वे जूते पहने हुए थे। इस पर एमपी के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने अपनी दादी इंदिरा गांधी को पुष्पांजलि देते हुए जूते नहीं उतारे। ये हमारी संस्कृति के विरुद्ध है। उनको थोड़ा ध्यान रखना चाहिए।

एमपी में शुरू किया संगठन सृजन अभियान, 6 घंटे में 4 मीटिंग कीं राहुल गांधी मंगलवार को मध्य प्रदेश के दौरे पर रहे। उन्होंने संगठन सृजन अभियान की शुरुआत की। प्रदेश में यह अभियान 10 जून से 30 जून तक चलेगा। राहुल ने 6 घंटे में चार अलग-अलग बैठकें कीं। राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं से कहा, "तीन तरह के घोड़े होते हैं। रेस वाला, बारात वाला और लंगड़ा घोड़ा। रेस वाला घोड़ा दौड़कर आगे बढ़ जाता है। बारात वाला घोड़ा, बारात तक ही चल पाता है। तीसरा घोड़ा लंगड़ा होता है जो किसी काम का नहीं होता। हमें रेस वाला घोड़ा बनना है। दौड़कर आगे जाना है।" इस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने तंज कसा कि गधों की महफ़िल में घोड़ों की चर्चा कैसे आ गई। रेस का घोड़ा कौन है और बारात का घोड़ा कौन है, यह मध्य प्रदेश की जनता जानना चाहती है।