सीहोर। 
सीहोर में पिछले दो दिन में कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के कुबेरेश्वर धाम आए 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जिसके बाद सत्ताधारी दल भाजपा से लेकर कांग्रेस के विधायकों ने इस तरह के आयोजन पर सवाल उठाए हैं। सरकार ने मौतों की जांच कराने की बात कही है। पूर्व मंत्री कुसुम महदेले ने पंडित प्रदीप मिश्रा को रुद्राक्ष वितरण बंद करने की नसीहत दी है। इतना ही नहीं उन्होंने सरकार से पंडित प्रदीप मिश्रा के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। वहीं राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कुबेरेश्वर धाम आए लोगों की मौतों को लेकर न्यायिक जांच कराने की बात कही है। बता दें कि बुधवार को पंडित प्रदीप मिश्रा ने सीहोर की सीवन नदी से कुबेरेश्वर धाम तक 11 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा निकाली। इस आयोजन में दो लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के शामिल होने का दावा किया गया। एक दिन पहले ही भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। मंगलवार को कुबेरेश्वर धाम में रुद्राक्ष वितरण के दौरान भगदड़ मच गई। जिसमें दो महिलाओं की मौत हो गई। जबकि बुधवार को अलग-अलग कारणों से अलग-अलग जगहों पर तीन श्रद्धालुओं ने दम तोड़ दिया। जबकि 3-4 श्रद्धालु घायल हुए हैं।
रुद्राक्ष वितरण बंद करे पंडित प्रदीप मिश्रा
पूर्व मंत्री कुसुम महदेले ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर पंडित प्रदीप मिश्रा के आयोजन पर सवाल उठाए। उन्होंने पंडित मिश्रा से कहा कि रुद्राक्ष बांटना बंद करो। उन्होंने शासन से भी रुद्राक्ष वितरण पर अंकुश लगाने और हादसे रोकने की मांग की है।
भाजपा और कांग्रेस के विधायकों ने उठाए सवाल

  • कुसुम महदेले के ट्वीट का बीजेपी और कांग्रेस के विधायकों ने भी समर्थन किया है। पढ़िए किसने क्या कहा-
  • कंचन तन्वे, खंडवा से भाजपा विधायक- प्रदीप मिश्रा जी से हम यही कहेंगे कि आप कथा करो, ये रुद्राक्ष मत बांटो। क्योंकि रुद्राक्ष बांटने के चक्कर में कई लोगों की ऐसे जान चली जाती है। लोग भगदड़ मचाते हैं। लोग कथा सुनें, लोगों को और आने वाली पीढ़ी को ज्ञान मिले।
  • राजेन्द्र कुमार सिंह, अमरपाटन से कांग्रेस विधायक- कुसुम महदेले बहुत वरिष्ठ नेता हैं। मैं उनके विचार से पूर्णत: सहमत हूं धर्म में ये आडंबर नहीं होना चाहिए। धर्म ज्ञान सिखाता है आदमी को अच्छा इंसान बनना सिखाता है। धर्मगुरुओं का यही काम होना चाहिए कि लोगों को अच्छा इंसान बनाए।