नागपुर हिंसा- 55 से ज्यादा लोग पुलिस हिरासत में

औरंगजेब का पुतला जलाने के बाद पथराव-आगजनी
गाड़ियों में तोड़फोड़, DCP पर कुल्हाड़ी से हमला
नागपुर । औरंगजेब कब्र विवाद के चलते सोमवार को महाराष्ट्र में हिंदू संगठनों ने प्रदेश भर में प्रदर्शन किया। इस दौरान नागपुर में विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने औरंगजेब का पुतला फूंका। इसमें कथित रूप से आपत्तिजनक सामग्री का इस्तेमाल किया गया। इसका वीडियो वायरल हो गया। सोमवार रात 8:30 बजे नागपुर के महाल इलाके में हिंसा भड़क गई। इसके बाद पथराव और तोड़फोड़ शुरू हो गई। उपद्रवियों ने घरों पर पथराव किया और सड़क किनारे खड़ी गाड़ी में आग लगा दी। पुलिस पर भी हमला किया गया। DCP निकेतन कदम कुल्हाड़ी के हमले से घायल हो गए। स्थिति नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए और 55 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस कमिश्नर रविंद्र सिंघल ने बताया कि शहर में BNS की धारा 163 (IPC की धारा 144 की तरह) लागू कर दी गई है। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए पुलिस की 20 टीमें बनाई गई हैं।
उधर, CM देवेंद्र फडणवीस ने देर रात प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के साथ बैठक की। इसके बाद बावनकुले नागपुर के लिए रवाना हो गए। CM ने उन्हें घटना पर रिपोर्ट सौंपने को कहा है। बावनकुले नागपुर के संरक्षक मंत्री हैं। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नागपुर दक्षिण-पश्चिम सीट से विधायक हैं। वहीं, छत्रपति संभाजीनगर में औरंगजेब की कब्र पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। SP ने बताया कि जिले में SRPF की एक कंपनी और दो प्लाटून तैनात किए गए हैं।