मध्यप्रदेश में मानसून की एंट्री 14 या 15 जून को हो सकती

-
ग्वालियर समेत 12 जिलों में आज लू चलेगी; भोपाल-इंदौर में भी गर्मी रहेगी
भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून की एंट्री 14 या 15 जून को हो सकती है। मौसम विभाग ने यह संकेत दिए हैं। वहीं, 12-13 जून को प्रदेश में भीषण गर्मी रहेगी। गुरुवार को ग्वालियर, चंबल-सागर संभाग के 12 जिलों में लू चलने की संभावना है। इनमें से 7 जिले-भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में ऑरेंज अलर्ट है। इससे पहले, पिछले 24 घंटे के दौरान कुल 21 जिलों में तेज आंधी और बारिश का दौर रहा। इनमें पन्ना, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, पांढुर्णा, बैतूल, हरदा, विदिशा, रायसेन, भोपाल, सीहोर, शाजापुर, देवास, इंदौर, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर और धार शामिल हैं। बारिश के साथ सीहोर में 74Km, इंदौर-हरदा में 52Km, भोपाल-बड़वानी में 39 और बैतूल में 34Km प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चली। भोपाल में रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के आसपास के इलाके में आंधी की रफ्तार 50 किमी से अधिक रही। वहीं, बुधवार को लगातार 5वें दिन भी भीषण गर्मी का असर देखा गया। ग्वालियर समेत 6 शहर ऐसे रहे, जहां पारा 44 डिग्री या इससे अधिक पहुंच गया। सबसे गर्म छतरपुर जिले का नौगांव रहा। यहां तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुना में 44.5 डिग्री, ग्वालियर-शाजापुर में 44.2 डिग्री और शिवपुरी-टीकमगढ़ में 44 डिग्री रहा। बड़े शहरों में भोपाल में 42.6 डिग्री, इंदौर में 41.6 डिग्री, उज्जैन में 42.8 डिग्री और जबलपुर में तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह खजुराहो (छतरपुर) में 43.6 डिग्री, नर्मदापुरम में 43.5 डिग्री, नरसिंहपुर में 43.2 डिग्री, सागर में 42.6 डिग्री, दमोह में 42.5 डिग्री, सतना में 42.4 डिग्री, धार में 42.3 डिग्री, सीधी में 42.2 डिग्री, रीवा में 42 डिग्री, रतलाम में 41.6 डिग्री, उमरिया में 41.5 डिग्री और खरगोन में पारा 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भोपाल में बुधवार रात तेज आंधी की वजह से कई जगहों पर पेड़ गिर गए। गुरुवार सुबह से इन्हें हटाने का काम शुरू हुआ। वहीं, शाम होते ही कई शहरों में मौसम बदल गया। भोपाल में रात करीब 9 बजे तेज हवाओं के बारिश होने लगी। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। टीकमगढ़ के मऊ घाट में भी शाम को गरज-चमक के साथ बारिश हुई। यहां चने के आकार के ओले भी गिरे है। विदिशा और रायसेन में भी बारिश हुई है। भोपाल में कई जगहों पर पेड़ गिर गए। इस वजह से ट्रैफिक भी बाधित रहा। गुरुवार सुबह तक पेड़ों को हटाने का दौर चला। नगर निगम के अनुसार, करीब 100 जगहों पर पेड़ या उनकी टहनियां गिर गईं। इसके अलावा शाहपुरा समेत 50 से अधिक इलाकों में रातभर बिजली गुल रही।