एमपी में बनेगा भव्य राधा कृष्ण मंदिर, जन्माष्टमी पर सीएम का बड़ा ऐलान
भोपाल।
देश-दुनिया की तरह प्रदेश में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई हैं। प्रदेशभर के कृष्ण मंदिरों में दर्शन और पूजन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव रायसेन जिले के विख्यात प्राचीन श्रीराधा-कृष्ण मंदिर में पूजा करने पहुंचे। यहां संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण पर्व-हलधर महोत्सव एवं लीला पुरुषोत्तम के प्रकटोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। गैरतगंज तहसील के महलपुर पाठा स्थित यह राधा-कृष्ण मंदिर सात सौ साल से भी ज्यादा पुराना है। सीएम मोहन यादव ने यहां भव्य मंदिर निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी समृद्धशाली संस्कृति और विरासतों को बेहतर तरीके से सहेजकर उन्हें संवारने के हमारे प्रयास हमेशा जारी रहेंगे। महलपुर पाठा के अतिप्राचीन श्रीराधा कृष्ण मंदिर का सभी संभव तरीके से जीर्णोद्धार और परिसर का विकास कर इसे भव्यतम स्वरुप प्रदान करेंगे। उन्होंने जिला विकास के लिए प्राचीन किले में बैठक की भी बात कही। महलपुर पाठा के प्राचीन और प्रसिद्ध राधा-कृष्ण मंदिर से कई किंवदंतियां जुड़ी हुई हैं। कहा जाता है कि यहां आला-ऊदल भी पूजन करने आते थे। श्री राधा-कृष्ण मंदिर के साथ यह स्थान ढक्कन मेला के लिए भी जाना जाता है। मुख्यमंत्री मोहन यादव सुबह करीब 11 बजे महलपुर पाठा (Shriradha Krishna Temple Mahalpur Patha)पहुंचे। जिला प्रभारी मंत्री नारायण सिंह पवार, स्थानीय विधायक प्रभुराम चौधरी भी उनके साथ थे।
बन जाएगा 'वृंदावन'
महलपुर पाठा मंदिर में स्थापित श्रीकृष्ण, राधा और रुकमणि की खूबसूरत प्रतिमाएं एक ही पत्थर पर उकेरी गई हैं। मंदिर के पुजारी पंडित प्रकाश शुक्ला बताते हैं कि मंदिर 7 सौ साल से भी ज्यादा पुराना है। पहले यहां छोटी सी मढ़िया थीं जिसे 1960 में मंदिर का रूप दिया गया। मंदिर के पास एक बावड़ी भी है। भगवान कृष्ण और राधा का यह मंदिर घने जंगल में है। यहां आकर वृंदावन के निधि वन की सहज ही याद आ जाती है। अब इसे संवारा जा रहा है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर सीएम मोहन यादव ने यहां भव्य मंदिर निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि महलपुर पाठा में भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर बनाएंगे।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने विरासत को सहेजने के लिए अनेक विकास कार्य शुरू किए हैं। महलपुर पाठा के मंदिर का जीर्णोद्धार कर इसे भव्यतम रूप प्रदान किया जाएगा और आगामी वर्षों में यहां विशाल मेले का आयोजन भी होगा।

ऑस्ट्रेलियाई दूत ने भारत की विविधता की खुलकर तारीफ की
CBI को बड़ी सफलता, यूएई से भारत लाया गया भगोड़ा कमलेश पारेख
क्या गर्मी में ग्रीन-टी से बढ़ेगी गर्मी? एक्सपर्ट की राय
KL Rahul ने रचा इतिहास, खास रिकॉर्ड अपने नाम