जबलपुर।
जबलपुर से 50 किलोमीटर दूर खितौला इलाके में बदमाशों ने सोमवार सुबह 11 बजे बैंक लूट लिया। लुटेरों ने बैंक कर्मचारियों को कट्‌टा दिखाकर धमकाया और 15 मिनट में 10 किलो सोना व 5 लाख 70 हजार रुपए लूट ले गए। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तब तक लुटेरे फरार हो चुके थे। पुलिस ने जिले में नाकाबंदी कर दी है। वहीं जबलपुर सहित कटनी, मंडला, डिंडोरी पुलिस को अलर्ट किया है। घटना इसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक की है। यहां छह युवक तीन बाइकों पर सवार होकर आए। बैंक के बाहर बाइक खड़ी कर एक-एक कर अंदर पहुंचे। कुछ देर बैंक कर्मचारियों की वर्किंग देखते रहे और फिर कट्‌टा निकालकर अधिकारियों और कर्मचारियों को धमकाने लगे। लुटेरे बार-बार गोली मारने की धमकी दे रहे थे। जब लुटेरे बैंक के बाहर निकल गए, तब अधिकारियों ने खतरे का सायरन बजाया।
अलग-अलग दिशा में भागे बदमाश
सीएसपी भगत सिंह गठोरिया ने बताया कि पुलिस ने बैंक और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की है। उन्होंने बताया कि बैंक से बाहर निकलने के बाद लुटेरे अलग-अलग रास्ते तरफ भागे हैं। पुलिस बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। जानकारी मिलते ही डीआईजी अतुल सिंह, एसपी संपत उपाध्याय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। खितौला, सिहोरा के आसपास पुलिस डॉग स्काड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट के साथ लुटेरों की तलाश में जुटी हुई है।