अब जबलपुर के अस्पताल में चूहे, दो मरीजों को कुतरा:मेडिकल कॉलेज के डीन बोले- ये मामूली घटना, डॉक्टर और कर्मचारियों ने लापरवाही बरती
जबलपुर।
इंदौर के बाद अब जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में 2 मरीजों के पैर कुतरने का मामला सामने आया है। घटना कॉलेज के मानसिक रोग विभाग में हुई है। डीन डॉ. नवनीत सक्सेना का कहना है कि 2 मरीजों के साथ मामूली घटना हुई है। मरीजों के परिजनों ने सोमवार शाम को बताया कि वार्ड में भर्ती मरीजों के पैर में चूहों ने काटा है। जानकारी मिलते ही विभाग अध्यक्ष सहित अधीक्षक और डीन ने इसकी जांच के निर्देश दिए। शुरुआती जांच में पता चला कि मानसिक रोग विभाग में पदस्थ डॉक्टर और कर्मचारियों ने इसमें भारी लापरवाही बरती है। मानसिक रोग विभाग के भवन में रेनोवेशन का कार्य चल रहा है। ऐसे में विभाग का संचालन अस्थि रोग विभाग के भवन से किया जा रहा है। घटना इसी भवन के प्रथम तल में मौजूद वार्ड की है।बता दें, हाल ही में इंदौर के एमवाय अस्पताल में चूहों के काटने के बाद 2 नवजातों की मौत की घटना सामने आई थी। जिस पर हाईकोर्ट ने भी संज्ञान लेकर सरकार से रिपोर्ट मांगी थी।
डॉक्टर ने शिकायत पर नहीं दिया ध्यान
बताया जा रहा है कि चूहों के काटने के बाद एक मरीज की शिकायत पर वार्ड में मौजूद डॉक्टर ने इंजेक्शन लगवाने की सलाह दी थी, लेकिन शिकायत के बाद भी वार्ड में चूहों से निपटने की इंतजाम नहीं किए गए। जिसके चलते दूसरे मरीज के साथ भी घटना हो गई।
परिजन ने कहा- दिन में भी घूमते रहते हैं बड़े-बड़े चूहे
नरसिंहपुर जिला के गोटेगांव में रहने वाले जगदीश मेहरा ने बताया कि सोमवार को मैंने मां को इलाज के लिए मेडिकल काॅलेज के मानसिक रोग विभाग में भर्ती करवाया था। उन्होंने बताया कि रात को जब मैं मां के पलंग के नीचे जमीन पर सो रहा था, उस दौरान अचानक ही मां की चीख सुनाई दी। तुरंत उठकर देखा तो उन्होंने बताया कि मां के पैरों में चूहे ने काट लिया। इसके बाद दोनों फिर से बिना किसी को कुछ बताए सो गए। थोड़ी देर बाद चूहों ने जगदीश के पैरों में काटा। परिजनों ने फौरन मौके पर मौजूद नर्स को जानकारी दी, पर शिकायत पर ध्यान नहीं दिया गया। मरीजों का कहना है कि बताया कि सिर्फ रात के वक्त ही नहीं दिन में भी वार्ड में चूहे घूमते नजर आ रहे हैं।

जूनागढ़ में बस पलटी, दो की मौत और 15 घायल; बड़ी दुर्घटना से हड़कंप