जबलपुर।
भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में किसानों की समस्या और प्रदेश सरकार के लेंड को लेकर सोमवार को पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जा रहा है। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर किसान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंप रहे हैं। इसके लिए किसानों का ट्रैक्टर रैली से पहुंच रहे हैं। इधर, राजधानी में मुख्यमंत्री ने बिल पर सभी से संवाद की बात कही है।जबलपुर में किसान कृषि उपज मंडी से ट्रैक्टर रैली निकालकर घंटाघर पहुंचेंगे और अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे। रैली को देखते हुए पुलिस ने घंटाघर क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी तरह टीकमगढ़ में भी किसानों ने 1 बजे रैली निकालना शुरू कर दिया है।
यह रहेगा रैली का मार्ग
जिला मंत्री धनंजय पटेल ने बताया कि दोपहर 12 बजे किसान कृषि उपज मंडी में एकत्रित हुए हैं।। सभा के बाद ट्रैक्टर रैली मंडी से शुरू होकर दमोह नाका, रानीताल, यातायात चौक, तीन पत्ती चौक और नौदरा ब्रिज से होती हुई घंटाघर पहुंचेगी। यहां कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन समाप्त किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा- सभी से संवाद कर हित की सोचें
लैंड पुलिंग एक्ट को लेकर किसान संघ के विरोध पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भास्कर ने राजधानी में हुए एक कार्यक्रम के दौरान पूछा कि किसान संघ इसका विरोध कर रहा है। क्या इस एक्ट में कुछ बदलाव हो रहे हैं। सीएम ने कहा कि हमारे द्वारा तो लैंड पूलिंग हो या सभी प्रकार के विकास के काम हो हमारा भाव है कि हम सबसे संवाद करते हुए सबके हित की बात सोच कर चलें विकास के क्रम को बनाकर रखें और विकास के रास्ते पर सभी को साथ लेकर चलेंगे। लगातार हमारे विकास के कामों का सबका समर्थन मिलता है, उसी भाव से हम चल रहे हैं।