जबलपुर। 
नागपुर–जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बरगी टोल प्लाजा पर शुक्रवार देर शाम कार सवार युवकों ने जमकर हंगामा किया। फास्टैग से रुपए कट जाने पर नाराज युवकों ने टोल कर्मचारियों से पैसे लौटाने को कहा। कर्मचारियों ने नियम समझाए तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी और तोड़फोड़ करते हुए रंगदारी भी मांगी। घटना की सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
कैसे हुआ विवाद
उन्नाव (उत्तर प्रदेश) के निवासी अंकित सिंह टोल प्लाजा में कर्मचारी हैं और घटना के समय अपने साथी रामसिंह के साथ लेन नंबर 10 और 11 पर तैनात थे। उसी दौरान कार (एमपी 20 सीएच 8399) टोल पर पहुंची। फास्टैग से राशि कटने के बाद बैरियर खुल गया, लेकिन कार वहीं खड़ी रही।
कर्मचारी द्वारा आगे बढ़ाने को कहने पर कार सवार युवक पैसे वापस मांगने लगे। मना करने पर उन्होंने अंकित और रामसिंह के साथ मारपीट की। इस दौरान युवकों के अन्य साथी भी दूसरी कार (एमपी 20 सीएल 2583) से मौके पर आ गए और उन्होंने भी हमला और तोड़फोड़ की।
कैमरे में कैद हुई घटना
टोल नाके पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान राजा साहू, अनुराज सेन, रुपेश साहू, पुष्पेंद्र साहू और नंदू तेकाम के रूप में की है। सभी आरोपी बरगी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।