इंदौर।
खजराना क्षेत्र में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीजेपी विधायक महेंद्र हार्डिया की पीड़ा सामने आई है। उनका कहना था कि मैं यहां से पांच बार का विधायक हूं लेकिन खजराना क्षेत्र से मुझे एक फीसदी भी वोट नहीं मिलता है। लेकिन मैं इनकी मदद में पीछे नहीं रहता हूं।
पहले विकास कार्यों की बात
इंदौर-5 से विधायक महेंद्र हार्डिया खजराना इलाके स्थित ताज नगर शासकीय उर्दू माध्यमिक विद्यालय की नई बिल्डिंग की नींव रखने गए थे। मंच से लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यहां पानी की दो टंकी है। एक और बनेगी। अस्पताल की रुकावट भी दूर हो गई, हम जल्द ही सीएम मोहन यादव से इसका भूमि-पूजन कराएंगे।
मन में हमेशा रहती है टीस
बीजेपी विधायक महेंद्र हार्डिया ने आगे कहा कि मन में हमेशा एक टीस रहती है। पांच बार यहां से मैं चुनाव जीता हूं। अपने मन पर हाथ रखकर पूछो कि मैंने यहां कितना काम किया है, क्या उस हिसाब से मुझे वोट मिला है। मुझे यहां से दो, चार और आठ वोट मिलते हैं।
आपका नहीं है विश्वास
उन्होंने कहा कि आपका काम करने व्यक्ति के प्रति, काम करने वाली पार्टी के प्रति आपका विश्वास नहीं है। ऐसा मैं मानता हूं। कांग्रेस उम्मीदवार आपके लिए नहीं आता है लेकिन आपने भरपेट उन्हें वोट दिया है। मैं विकास का भी काम करता हूं और खजराना की जनता की मदद भी दुख-दर्द में करता हूं। मैं सभी लोगों का ध्यान रखता हूं। बाकी जिसकी जैसी करनी वैसी भरनी।
अपनी बात पर रहें कायम
वहीं, इस बयान के बाद महेंद्र हार्डिया मीडिया से बातचीत के दौरान भी अपनी बात पर कायम रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम धर्म के आधार पर कभी भी विकास में भेदभाव नहीं करते हैं। मैं लगातार खजराना से चुनाव लड़ रहा हूं लेकिन वहां से मुझे एक फीसदी भी वोट नहीं मिलता है। मैंने लोगों के सामने अपनी बात रखी है।