इंदौर।
इंदौर शहर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से मौतों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। उल्टी-दस्त से पीड़‍ित 75 वर्षीय खूबचंद पुत्र गन्नुदास की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। बुधवार सुबह उनके परिजनों और क्षेत्र के लोगों ने शव रखकर चक्काजाम कर दिया। इलाके में लगातार हो रही मौतों से लोग घबराए हुए हैं। परिजनों के अनुसार करीब 15 दिनों से वे उल्टी-दस्त से पीड़‍ित थे। भागीरथपुरा में दूषित पानी से अब तक 29 लोगों की मौत हो चुकी है। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में जब यहां मरीजों मिलने की शुरुआत हुई थी, तब से अब तक 4000 से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं। इसमें से करीब 450 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। 10 मरीज अब भी आईसीयू में भर्ती हैं, वहीं दो मरीजों को वेंटिलेटर पर रखा गया है। घटना के बाद से क्षेत्र में नियमित पानी की जांच के निर्देश दिए गए हैं।