इंदौर नंबर-1 था, है और हमेशा रहेगा, भगीरथपुरा की घटना के बाद दहाड़े कैलाश, कहा- आप जनता की बदनामी कर रहे
इंदौर।
मध्यप्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रमुख विपक्षी दल राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण में इंदौर के लगातार आठ बार पर अव्वल रहने के बारे में बेबुनियाद सवाल उठाकर शहर की जनता और सफाई कर्मियों का अपमान कर रहा है। दूषित पेयजल के कारण फैले उल्टी-दस्त के प्रकोप से कई लोगों की मौत को लेकर सुर्खियों में चल रहा शहर का भागीरथपुरा इलाका विजयवर्गीय के विधानसभा क्षेत्र 'इंदौर-1' में आता है। इस घटनाक्रम के बाद से वह कांग्रेस के निशाने पर चल रहे हैं।
सफाईकर्मियों का उड़ा रहे मजाक
राज्य के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर में एक कार्यक्रम के दौरान प्रमुख विपक्षी दल पर पलटवार करते हुए कहा कि एक घटना को लेकर आप इंदौर की जनता की बदनामी कर रहे हैं और शहर के सफाई कर्मियों का मजाक उड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्या आपकी मां, बहन और बेटी रात के दो बजे घर से निकलकर सड़क पर सफाई कर सकती हैं? ये इंदौर के सफाई कर्मी हैं जो अपनी महिलाओं को शहर को स्वच्छ करने के लिए रात के दो बजे भी भेजते हैं।
फर्जी दस्तावेजों का कर रही इस्तेमाल
प्रदेश विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने भागीरथपुरा में दूषित पेयजल के सेवन से कई लोगों की मौत के बाद हाल ही में दावा किया है कि सरकारी अधिकारियों ने फर्जी दस्तावेज पेश करके इंदौर को स्वच्छता के सिलसिलेवार खिताब दिलाए हैं। विजयवर्गीय ने सिंघार का नाम लिए बगैर कहा कि कांग्रेस नेताओं को यह बोलने से पहले शर्म आनी चाहिए कि राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण में इंदौर को अव्वल बनाने के लिए गलत दस्तावेज पेश किए गए हैं।
जनता की भागीदारी का है अपमान
उन्होंने कहा कि ऐसी बातें बोलना स्वच्छता के लिए इंदौर की जनता की भागीदारी का भी अपमान है। इन बेशर्मों को शहर के सफाई कर्मियों और जनता से माफी मांगनी चाहिए। विजयवर्गीय ने जोर देकर कहा कि स्वच्छता के मामले में इंदौर ‘नम्बर 1’ था, है और हमेशा रहेगा।

Seoni के स्कूलों में बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर
Bhopal के बड़े तालाब पर बढ़ता अतिक्रमण
Gaurav Gogoi इंडिया-फिलीपींस संसदीय मैत्री समूह के अध्यक्ष नामित