ग्वालियर। 
शहर में शनिवार को धनतेरस से दीपोत्सव की शुरुआत होगी। दीपावली पर व्यवस्था का जायजा लेने शुक्रवार को एसएसपी धर्मवीर सिंह अचानक महाराज बाड़े पहुंचे। बाड़े पर ट्रैफिक जाम के हालात थे। कारण, यहां पुलिस कर्मचारी और अधिकारी मौजूद नहीं थे। बेधड़क रॉन्ग साइड आने वाले वाहनों से बाजार में जाम की स्थिति थी। निरीक्षण के दौरान एसएसपी जब आगे पहुंचे तो बाड़े और दौलतगंज के बीच एक कार सड़क पर खड़ी थी। कार में तिघरा थाना प्रभारी शिवकुमार शर्मा और अन्य पुलिस कर्मी सवार थे। एसएसपी को सामने देख टीआई और उनका स्टाफ सहम गया।
एसएसपी ने बाजार में गलत तरीके से कार पार्क कर जाम का कारण और थाना क्षेत्र में महिला के अपहरण कांड में किसी आरोपी की गिरफ्तारी न होने के बाद भी बिना कारण व मंजूरी के थाना क्षेत्र छोड़ने के संबंध में पूछा। इस पर टीआई कुछ नहीं बता पाए।
इस पर एसएसपी नाराज हो गए और टीआई को फटकार लगाते हुए कहा कि पुलिस अमला सड़कों पर खड़े होने वाले वाहनों को हटा कर व्यवस्था बनाने में लगा है। जब आप ही इस तरह सड़क पर वाहन पार्क कर व्यवस्था बिगाड़ेंगे तो अन्य वाहन चालकों से हमरा बल कैसे वाहन हटाने की बोल पाएगा। एसएसपी ने तत्काल टीआई को लाइन अटैच किए जाने के आदेश वायरलेस सेट से दिए।
बाड़े से स्टॉफ नहीं मिला, एसएसपी भी जाम में फंस गए
महाराज बाड़ा के निरीक्षण के दौरान एसएसपी दौलतगंज के टोपी बाजार के हिस्से में ट्रैफिक जाम में फंस गए। रॉन्ग साइड वाहनों के कारण यहां पर जाम की स्थिति यहां दोपहर से ही निर्मित हो रही थी। बाड़े पर चौकी के पास हनुमान मंदिर के सामने इन रॉन्ग वाहनों को रोकने के लिए बेरीकेड्स लगे हैं, लेकिन पुलिस कर्मी तैनात नहीं थे। इस पर एसएसपी ने यहां स्टाफ को तैनात करने के निर्देश दिए
सराफा बाजार में सड़क पर पार्क होने वालों में 50% अफसरों के निजी वाहन
सराफा बाजार की मुख्य सड़क पर शाम से रात तक कई वाहन खड़े रहते हैं। इनमें कुछ कार और कुछ लग्जरी वाहन हैं। इनके कारण खासतौर पर दीपावली त्योहर के समय यहां ट्रैफिक जाम के हालात बनते हैं। मुख्य सड़क पर कार पार्किंग से बाजार की व्यवस्था बिगाड़ने वाले 50% से अधिक वाहन शासकीय अफसरों के निजी वाहन होते हैं। एससपी ने इन वाहनों को भी हटाने के निर्देश दिए।