ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट : मेहमान करेंगे एशियाटिक लॉयन का दीदार

- वन विहार में पहली बार बाड़े में छोड़े गए शेर
- -गुजरात के जूनागढ़ से आया जोड़ा
भोपाल। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में आए देसी-विदेशी मेहमान भोपाल में एशियाटिक सिंह भी देख सकेंगे। 24-25 फरवरी को होने वाली जीआईएस के चलते सिंह के जोड़े को शनिवार सुबह बाड़े में छोड़ दिया गया। हाउस से बाड़े में जाते ही सिंह का यह जोड़ा मस्ती करने लगा। दोनों को एक ही बाड़े में छोड़ा गया है। यह जोड़ा गुजरात के जूनागढ़ से दिसंबर में लाया गया था। नर सिंह का नाम जूना और मादा सिंह का नाम गिरी है। समिट मानव संग्रहालय में हो रही है। वन विहार इससे सटा हुआ है। इसलिए मेहमानों को वन विहार में भी घुमाया जाएगा। पहली बार वे सिंह के जोड़े को देख सकेंगे। बता दें कि, समिट में 20 हजार से अधिक उद्योगपति आ रहे हैं। इनमें अडाणी-अंबानी, बिड़ला, महिंद्रा जैसे शीर्ष उद्योगपति भी शामिल हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समिट का उद्घाटन करेंगे, जबकि समापन मौके पर गृह मंत्री अमित शाह आएंगे।
मेहमानों के साथ भोपाल के लोग भी देख सकेंगे
भोपाल के वन विहार नेशनल पार्क में लोग शनिवार से ही एशियाई शेरों के दीदार कर सकेंगे। इन्हें 21 दिन की क्वारेंटाइन अवधि के लिए हाउस में रखा गया था। क्वारेंटाइन की अवधि तीन गुना हो गई थी। वन विहार के डायरेक्टर अवधेश मीना ने बताया, दोनों ही सिंह पूर्णत: स्वस्थ्य हैं। इसलिए उन्हें अब बाड़े में छोड़ा गया है। अब टूरिस्ट इनके दीदार कर सकते हैं।