• कमरों में रखा सामान जलकर राख, करीब 2 घंटे में काबू पाया गया

भोपाल। भोपाल के कोहेफिजा इलाके में गुरुवार सुबह आगजनी की घटना हुई। एक बिल्डिंग की छत पर बने कमरों में आग भभकी। इससे कपड़े समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। करीब दो घंटे में आग काबू में आ पाई। आग कोहेफिजा स्थित मिलन शादी हॉल के पास लगी। यहां बिल्डिंग की छत पर दो कमरे बने हैं। आग की लपटें उठते देख फायर स्टेशन पर सूचना दी गई। इसके बाद बैरागढ़ और फतेहगढ़ फायर स्टेशनों से दमकलें मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। कमरों में रखी अलमारियां कपड़ों से भरी थी। इस कारण आग तेजी से फैल गई। जिससे आग बुझाने में भी दिक्कतें आईं। दमकलकर्मियों ने बताया कि बिल्डिंग के सबसे ऊपरी हिस्से में आग लगी थी। जिससे आग बुझाने में दिक्कतें हुई। पाइपों के सहारे पानी को ऊपर तक ले जाया गया।

आसपास के इलाकों में हड़कंप मचा आग की लपटें और धुआं काफी ऊपर उठ रहा था। इस वजह से इलाके में हड़कंप मच गया। रहवासी मो. आदिल ने बताया कि डॉ. दुर्रानी का मकान है। आग लगते ही फायर स्टेशन पर जानकारी दी गई। कपड़े रखें होने की वजह से आग तेजी से फैलती गई।