• भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने के लिए मथुरा से दिल्ली तक पदयात्रा करूंगा

मथुरा। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा- औरंगजेब कभी महान नहीं हो सकता है। देश को तोड़ने वाला महान नहीं, बल्कि जोड़ने वाला महान होता है। हमारा उद्देश्य सिर्फ यह है कि भारत हर हाल में हिंदू राष्ट्र बने। इसके लिए जल्द ही ब्रज से दिल्ली तक पदयात्रा शुरू करूंगा। सनातन के प्रति बुरी मानसिकता रखने वाले लोग लाइन में लग जाएंगे।

पंडित धीरेंद्र शास्त्री रविवार को मथुरा के वृंदावन पहुंचे थे। यहां अपने शिष्य रोहित रिछारिया के घर गए। इसके बाद टटिया स्थान आश्रम पहुंचकर महंत का हालचाल जाना। इस दौरान मीडियाकर्मियों से उन्होंने कहा- जीवन का सार अगर प्रेम है तो प्रेम का सार ब्रज है। ब्रज को मांस-मदिरा मुक्त करने के लिए जल्द ही पदयात्रा शुरू करने जा रहा हूं।

कुरुक्षेत्र में ब्राह्मणों पर हमले की निंदा की धीरेंद्र शास्त्री ने कुरुक्षेत्र में यज्ञ अनुष्ठान में शामिल हुए ब्राह्मणों पर गोली चलाने की निंदा की। कहा- प्रदेश के मुख्यमंत्री से हम कहेंगे कि मामले को गंभीरता से देखें और दोषियों पर कार्रवाई करें। मां यमुना शुद्ध हो, निर्मल हो और पुराने स्वरूप में नजर आएं, यही प्रार्थना भगवान से करने आए हैं।