बीजेपी विधायक कालू सिंह ठाकुर से महिला मांग रही दो करोड़ रुपए, उनके होटल मैनेजर ने कराई कपल पर FIR
धार।
धार जिले के धरमपुरी विधानसभा सीट से कालू सिंह ठाकुर बीजेपी के विधायक हैं। उन्हें हनीट्रैप में फंसाने की कोशिश हुई है। ठाकुर ने आरोप लगाया था कि एक महिला उन्हें ब्लैकमेल कर रही है। साथ ही दो करोड़ रुपए की मांग कर रही है। विधायक इतने बेबस थे कि उन्हें मीडिया में आकर अपनी बात रखनी पड़ी। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज किया है।
महिला मांग रही है दो करोड़ रुपए
बीजेपी विधायक कालू सिंह ठाकुर का आरोप है कि मदद के लिए आई महिला अब हमसे दो करोड़ रुपए की मांग कर रही है। साथ ही उसका पति झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहा है। मामला दिसंबर महीने का है। उन्होंने 23 दिसंबर को पुलिस में शिकायती आवेदन दिया था। मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब उनकी होटल मैनेजर की शिकायत के बाद केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विधायक ने इससे पहले आरोप लगाया था कि उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रही है।
महिला और उसके पति पर एफआईआर
वहीं, विधायक के होटल की मैनेजर बबीता पाटीदार ने ब्लैकमेल के मामले में दीपिका ठाकुर और उसके पति कासिम खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। धार पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मदद मांगने आई थी महिला
विधायक कालू सिंह ठाकुर का आरोप है कि 23 दिसंबर को महिला धमनोद स्थित कार्यालय में मदद मांगने आई थी। अगले दिन वह भोपाल स्थित आवास पर पहुंची। 15 हजार रुपए की आर्थिक मदद मांगी। विधायक ने एक हजार रुपए देकर वापस भेज दिए। विधायक का कहना है कि इसके बाद महिला ने झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने लगी।
दो करोड़ रुपए की मांग
भोपाल से जाने के बाद महिला ने विधायक को फोन कर कहा कि आपने मुझे गलत काम के लिए भोपाल बुलाया था। दो करोड़ रुपए दीजिए, नहीं तो एफआईआर दर्ज करवाऊंगी। विधायक का कहना है कि कॉल के बाद मैंने भोपाल में पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। आवेदन भी भेजा लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। बताया जा रहा है कि महिला कानपुर की रहने वाली है। वह खलघाट के पास किराए पर मकान लेकर रहती है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसके बाद ही सारी चीजें साफ हो पाएंगी।

Seoni के स्कूलों में बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर
Bhopal के बड़े तालाब पर बढ़ता अतिक्रमण
Gaurav Gogoi इंडिया-फिलीपींस संसदीय मैत्री समूह के अध्यक्ष नामित