पंजाब पुलिस का किसानों के साथ टकराव
-
जमीन खाली कराने के विरोध पर लाठीचार्ज
-
बोली- मुआवजा मिलने के बाद भी खेती कर रहे थे
गुरदासपुर। दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे के लिए जमीन अधिग्रहण को लेकर पंजाब के गुरदासपुर में आज किसानों और पुलिस के बीच टकराव हो गया। इसमें 7 किसानों के घायल होने की सूचना है। पुलिस की मदद से जिला प्रशासन की टीम किसानों से जमीन खाली कराने पहुंची थी। इस दौरान पुलिस ने किसानों की खड़ी फसल पर मशीन चला दी, जिससे उनकी फसल बर्बाद हो गई। अपनी फसलों को बचाने के लिए आए किसानों की पुलिस के साथ धक्कामुक्की हुई। बाद में पुलिस ने लाठीचार्ज कर किसानों को मौके से खदेड़ दिया। हालांकि, अब भी टकराव की स्थिति बनी हुई है। किसानों का आरोप है सरकार से उन्हें जमीनों का उचित मुआवजा नहीं मिला है। इसलिए, वे अपनी जमीनों पर खेती कर रहे हैं। जबकि, जिला प्रशासन के अधिकारी कहते हैं कि किसानों को जमीनों का मुआवजा मिल गया है, तो ये जमीनें अब सरकार की हैं। इन पर किसानों को खेती का हक नहीं है।
मशीन के आगे लेटे किसान, कई की पगड़ी उतरी प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान कई किसान फसल पर चल रही मशीन के आगे लेट गए। इस दौरान पुलिस उन्हें धक्का देकर हटाती दिखी। धक्का लगने से कुछ किसान गिर गए, जिससे उनकी पगड़ियां उतर गईं। वे अपनी पगड़ियां और हाथ में किसान यूनियन के झंडे संभालते नजर आए।
केंद्र सरकार से मिल गई है पंजाब सरकार गेहूं की खड़ी फसल पर मशीन चलाने से गुस्से में आए किसानों ने पंजाब की AAP सरकार को केंद्र से मिला हुआ बताया। कहा कि आज सभी लोग लाइव देख रहे हैं कि किस तरह से पंजाब सरकार किसानों की खड़ी फसलों को रौंद रही है, वह भी बिना मुआवजा दिए। इससे पता चलता है कि पंजाब की AAP सरकार केंद्र सरकार से मिल गई है। किसान नेताओं ने आरोप लगाया है कि प्रशासनिक अधिकारियों के उनकी बातचीत चल रही थी। हर बैठक में विश्वास दिलाया गया था कि जब तक पूरा मुआवजा नहीं दिया जाता, जमीन पर कब्जा नहीं लिया जाएगा। इसके बाद भी आज अचानक से प्रशासन की टीम आई और जमीनों पर कब्जा लिया।

1 अप्रैल से बड़े बदलाव: आधार, पैन और ATM से जुड़ी 10 नई नियमावली लागू
भोपाल में LPG ‘पैनिक’ खत्म, सिलेंडर बुकिंग घटी, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई
एमपी में आज से ‘स्कूल चलें हम’ अभियान शुरू, नामांकन बढ़ाने पर जोर
नए वित्त वर्ष की शुरुआत महंगाई से, LPG सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी
महाकाल की शरण में सितारे: अक्षय कुमार, टाइगर श्रॉफ और डिंपल कपाड़िया ने किए दर्शन