छत्तरपुर। 
पुराना पन्ना नाका से सटई तक बनी 20.7 किमी लंबी टू-लेन सड़क पहली ही बारिश में जगह-जगह से टूट गई। सड़क की पटरी पर डाला गया मटेरियल बह गया। पुलिया से जुड़ने वाला एप्रोच रोड भी क्षतिग्रस्त हो गया है। यह निर्माण लोक निर्माण विभाग ने ठेकेदार से कराया था। लागत 38 करोड़ रुपए आई। सड़क की चौड़ाई 7 मीटर रखी गई। दोनों ओर ढाई-ढाई मीटर की पटरी बनाई गई। इस तरह कुल चौड़ाई 12 मीटर हुई।
सड़क के बीच में आने वाली सभी पुरानी पुलियों को तोड़कर चौड़ा किया गया। फिर नए सिरे से निर्माण हुआ। इस काम की प्रशासनिक स्वीकृति 14 जुलाई 2023 को मिली। सितंबर 2023 में ठेकेदार को वर्क ऑर्डर जारी हुआ। निर्माण के लिए 18 माह की समयसीमा तय की गई। ठेकेदार ने शुरुआत में काम की रफ्तार धीमी रखी। समय कम बचा तो जल्दबाजी में काम पूरा कर दिया। नतीजा यह हुआ कि तीन महीने पहले बनी सड़क पहली बारिश में ही खराब हो गई।
डामर रोड बहा, पुलियों का एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त
सटई तक बनाए इस टू लेन रोड पर निर्मित अधिकांश पुलियों का एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं रौरा गांव के पास से निकले नाले के कारण डामर रोड बह गया है। जिसमें अब तक डामरीकरण नहीं किया गया है। वहीं पीतांबरा मंदिर के पास स्थित रेलवे ब्रिज के पास का डामर रोड बारिश का पानी एकत्र होने से क्षतिग्रस्त हो गया है। इसलिए वाहनों को निकलने में दिक्कत हो रही है।
ढाई-ढाई मीटर की पटरी का मटेरियल बह जाने से खाई बनी
पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाए गए एस्टीमेट के अनुसार 7 मीटर चौड़े डामर रोड के साथ ढाई-ढाई मीटर की पटरी बनाई गई है। जिसमें डाला गया मटेरियल पहली ही ब ही बारिश में बह गया है। जिससे बूढ़ा और रामगढ़ गांव के पास कई स्थानों की पटरी का मटेरियल बारिश के कारण बह गया है। इसलिए इस स्थानों पर खाई बन गई है। जबकि सटई रोड पर निर्माण करने के स्थान पर पटरी पर मकानों का मलबा डाल दिया है। जिसके ढेर पटरी पर होने से लोगों को निकलने में समस्या हो रही है।
लेवलिंग नहीं, रोड पर भरा पानी
सटई रोड स्थित कृषि उपज मंडी से पीतांबरा मंदिर के पास स्थित रेलवे ब्रिज तक लोक निर्माण विभाग ने सीसी रोड का निर्माण किया है। जिस दौरान काम चल रहा था, उस समय विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार ने ध्यान नहीं दिया। इसलिए इस रोड की लेवलिंग बिगड़ गई। अब कृषि उपज मंडी के गेट नंबर 1 और 2 के बीच जहग-जगह रोड पर पानी भर रहा है। जो वाहन निकलने से लोगों पर उछल कर गिर रहा है।
ढाई किमी में सिर्फ बीच रोड पर दूसरी लेयर
पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाए टू-लेन में ढाई किमी का रोड ऐसा है जिसमें सिर्फ बीच रोड पर ही डामर की दूसरी लेयर डाली गई है। बाकि रोड को ऐसे ही छोड़ दिया है। जिससे यह रोड बीच-बीच में क्षतिग्रस्त होने लगा है। यह रोड शहर के अंदर पुराना पन्ना नाका से लेकर कृषि उपज मंडी के पहले स्थित ग्रीन एवेन्यू कॉलोनी तक डाला गया है।
ठेकेदार से बात कर जल्द सुधार कराया जाएगा
बीते सप्ताह ही मैंने ज्वाइन किया है। इसलिए मुझे इस निर्माण की अधिक जानकारी नहीं है। रविवार को स्वयं जाकर जांच कराते हैं। यदि मामला सही पाया जाता है तो ठेकेदार से बात कर जल्द सुधार कराया जाएगा। 

  • - आशीष भारती, इंई पीडब्ल्यूडी छतरपुर