• वीजा में ड्रग्स लेने की बात छिपाई थी
  • ट्रम्प ने पुराना मामला खोला

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की डिपोर्टेशन लिस्ट में अब ब्रिटिश प्रिंस हैरी का नाम जुड़ सकता है। ट्रम्प ने पांच महीने पहले बंद हो चुके हैरी के वीजा केस को खोलने के आदेश दिए हैं। हैरी वीजा हासिल करने में गलत सूचना देने के दोषी पाए गए तो ट्रम्प उन्हें डिपोर्ट कर सकते हैं। ऐसा हुआ तो हैरी ट्रम्प द्वारा इस कार्यकाल में डिपोर्ट होने वाले पहले इंडिविजुअल होंगे। ट्रम्प कह चुके हैं कि हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल को रियायत नहीं देंगे। मेगन अमेरिकी नागरिक हैं, हैरी उनके साथ अमेरिका में ही रहते हैं। ये मामला हैरी की आत्मकथा स्पेयर से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने किशोरावस्था में ड्रग्स लेना कबूला था। हैरी ने अमेरिका का वीजा लेते समय ये बात छिपाई थी। इसे मुद्दा बनाते हुए दक्षिणपंथी संगठन हेरिटेज फाउंडेशन ने केस खोलने की याचिका दायर की थी।
ट्रम्प ईसाइयों को संरक्षण के लिए आयोग बनाएंगे
ट्रम्प ने ईसाई विरोधी भेदभाव से जुड़े एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन किए हैं। यह आदेश फेडरल एजेंसियों को यह तय करने का आदेश देता है कि ईसाई लोगों के अधिकारों का उल्लंघन न हो। ट्रम्प ने इस दौरान कहा कि वे धार्मिक स्वतंत्रता पर एक राष्ट्रपति आयोग बनाएंगे, जिससे ईसाई धर्म को और ज्यादा संरक्षण मिलेगा। ट्रम्प के इस फैसले की कड़ी आलोचना हो रही है। आलोचकों का कहना है, आदेश धार्मिक स्वतंत्रता की अवधारणा को खत्म कर ईसाई धर्म को प्राथमिकता देता है। आरोप है कि अगर ट्रम्प सच में धार्मिक स्वतंत्रता की परवाह करते तो वे मुस्लिम, यहूदी व अन्य के खिलाफ हो रहे भेदभाव पर भी ध्यान देते।