भोपाल लव-जिहाद: फरहान का शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली

- पिस्टल छीनने की कर रहा था कोशिश
भोपाल। भोपाल में हिंदू छात्राओं से रेप के मुख्य आरोपी फरहान को गोली लगी है। बताया जा रहा है कि उसने पुलिसकर्मी से पिस्टल छीनने की कोशिश की। इस बीच गोली चल गई, जो फरहान के पैर में लगी है। आरोपी फरहान को घायल हालत में हमीदिया अस्पताल ले जाया गया है। जहां उसका इलाज किया जा रहा है। वहीं, उस पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया जा रहा है। बता दें कि शुक्रवार को भोपाल की अशोका गार्डन थाना पुलिस को फरहान की रिमांड मिली है। रिमांड के दौरान पुलिसकर्मी उसे थाने से उसकी निशानदेही पर एक अन्य आरोपी की तस्दीक के लिए ले जा रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान फरहान ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनने का प्रयास किया।
पेशाब करने का कहकर गाड़ी रुकवाई
ये घटनाक्रम शुक्रवार रात करीब 11 बजे से 11:30 बजे के बीच का है। अशोका गार्डन थाना प्रभारी हेमंत श्रीवास्तव के मुताबिक आरोपी फरहान ने पुलिस को गुमराह करने के लिए बताया था कि मामले में एक और फरार आरोपी अबरार बिलकिस गंज जिला सीहोर में छिपा है। इसके बाद एसआई विजय बामने के साथ कुल पांच पुलिसकर्मी फरहान के साथ वाहन में सवार होकर तस्दीक के लिए रवाना हुए थे। इसी बीच रातीबड़ थाना क्षेत्र में आने वाले सरवर गांव के पास आरोपी फरहान ने पेशाब करने का कहकर वाहन रुकवाया। वाहन के रुकने पर फरहान के साथ एसआई भी नीचे उतरे। तभी फरहान ने एसआई की सर्विस रिवॉल्वर को छीनने का प्रयास किया। छीना झपटी में गोली चली और आरोपी के पांव में लग गई।
लड़कियों से रेप और ब्लैकमेलिंग का आरोपी हैं फरहान
फरहान भोपाल के एक कॉलेज से एमबीए कर रहा है। पहले इसी कॉलेज से बीबीए कर चुका है। हिंदू छात्राओं से रेप केस के मामले में सबसे पहले फरहान ही गिरफ्तार हुआ था। फरहान पर आरोप है कि उसने लड़कियों को ब्लैकमेल कर उनके अश्लील वीडियो रिकॉर्ड किए हैं। ये सारी लड़कियां एक ही कॉलेज की पढ़ने वाली हैं। इसके अलावा दूसरे जितने आरोपी पकड़े गए हैं, वो सब भी फरहान के दोस्त हैं।