भोपाल / इदौर। 

इंदौर के नवनिर्वाचित कांग्रेस शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे और जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े का कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार विरोध कर रहे है। अब इंदौर शहर कांग्रेस की पूर्व महिला मोर्चा की अध्यक्ष और कांग्रेस के दिग्गज नेता अनिल शुक्ला की बेटी साक्षी शुक्ला डागा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी को पत्र लिखा है।
पत्र लिखकर साक्षी ने मांग की है कि 'एक व्यक्ति-एक पोस्ट' का इंदौर में उल्लंघन हो रहा है, जिस पर तत्काल कार्यवाही होना चाहिए। इधर, कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी 24 अगस्त को मध्यप्रदेश के सभी नए शहर और ग्रामीण जिला अध्यक्षों से मुलाकात करेंगे।
साक्षी शुक्ला ने पत्र में यह लिखा...
पूर्व महिला मोर्चा की अध्यक्ष साक्षी शुक्ला डागा ने अपने पत्र में लिखा है कि एक समर्पित कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में, मैं आपके ध्यान में एक ऐसा मामला लाना चाहती हूं, जिसने इंदौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच व्यापक निराशा और हतोत्साह पैदा किया है। सितंबर 2022 में राहुल गांधी ने सभी नेताओं को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया था कि उदयपुर घोषणा के तहत स्वीकृत "एक व्यक्ति, एक पद" की प्रतिबद्धता का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए। यह सिद्धांत न केवल निष्पक्षता का प्रश्न है, बल्कि कार्यकर्ताओं का मनोबल और प्रेरणा बनाए रखने के लिए भी महत्वपूर्ण है, साथ ही संगठन के भीतर सक्षम और योग्य नेताओं को प्रोत्साहन देने के लिए भी आवश्यक है।हालांकि, इंदौर में दो सबसे महत्वपूर्ण पद शहर कांग्रेस अध्यक्ष और नगर निगम में विपक्ष के नेता एक ही व्यक्ति को सौंपे गए हैं। इस निर्णय ने कार्यकर्ताओं का मनोबल पूरी तरह से तोड़ दिया है। यह अन्याय का संदेश देता है, जिससे उन अनेक सक्षम नेताओं के प्रयासों को ठेस पहुंचती है, जिन्होंने शहर स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए सक्रिय रूप से काम किया है। इसके अतिरिक्त, शहर अध्यक्ष के रूप में नियुक्त व्यक्ति संगठन सृजन अभियान का हिस्सा नहीं था, जो आपके पूर्व आदेश के भावना और निर्देशों से स्पष्ट विचलन है। इस तरह के निर्णय कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और समर्पण को हतोत्साहित करने का जोखिम उठाते हैं, जिसका इंदौर में पार्टी के दीर्घकालिक विकास पर प्रभाव पड़ सकता है।