गुना विधायक पर एक्शन ले सकती है बीजेपी:पन्नालाल ने कहा था- हिंदुस्तान में भी होंगे नेपाल जैसे हालात, युवाओं को दें मिलिट्री ट्रेनिंग
भोपाल।
नेपाल में सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के खिलाफ उपजे आक्रोश के बाद हालात बिगड़ गए थे। इस बीच मध्यप्रदेश में गुना से बीजेपी विधायक पन्नालाल शाक्य के बयान से बवाल मचा हुआ है। गुना से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने गुरुवार को कहा कि नेपाल, श्रीलंका, पाकिस्तान और अफगानिस्तान जैसे हालात अब भारत में भी हो सकते हैं। देश के अंदर गृह युद्ध जैसी स्थिति छिड़ सकती है। इसलिए 18 से 30 साल तक के युवाओं को अनिवार्य रूप से मिलिट्री ट्रेनिंग दी जानी चाहिए। शाक्य गुना के उत्कृष्ट स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय जूडो और बॉक्सिंग प्रतियोगिता के समापन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा, खेल, विकास और विश्वगुरु बनने की बातें अपनी जगह हैं, लेकिन देश की सुरक्षा और भविष्य को लेकर गंभीर होना जरूरी है।
बीजेपी ले सकती है एक्शन
गुना विधायक के बयान पर बीजेपी कार्रवाई कर सकती है। बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा, भारतीय जनता पार्टी ऐसे किसी भी बयान से इत्तफाक नहीं रखती। ये बयान पार्टी लाइन के विपरीत है। वरिष्ठ नेतृत्व इस पर अवश्य संज्ञान लेगा। मोदी जी के नेतृत्व में भारत अत्यंत चमत्कृत लोकतंत्र के रूप में पूरे विश्व में स्थापित है। यह मान्यता न सिर्फ भारत में बल्कि पूरे विश्व में हैं। इसलिए पन्नालाल जी का बयान बिल्कुल असहमति योग्य है।
कलेक्टर से केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने को कहा
शाक्य ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि उनका यह लिखित प्रस्ताव दिल्ली भेजा जाए। गृह मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय को बताया जाए कि युवाओं की मिलिट्री ट्रेनिंग तत्काल शुरू की जाए। जल्दी से जल्दी इसे चालू करना जरूरी है। जिला दंडाधिकारी (कलेक्टर) से करबद्ध निवेदन है कि श्रीमान सावधान हो जाएं। नहीं तो ये जितने स्कूटी लेकर गए हैं न यहां से, कोई इनमें दो थप्पड़ लगाएगा और स्कूटी छुड़ा ले जाएगा।

जूनागढ़ में बस पलटी, दो की मौत और 15 घायल; बड़ी दुर्घटना से हड़कंप