भोपाल।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 5 मार्च को अपना जन्मदिन विदिशा में प्रेम-सेवा संकल्प दिवस के रूप में मनाएंगे. इस मौके पर वह पर्यावरण, शिक्षा, सेवा और प्रतिभा प्रोत्साहन से जुड़े पांच संकल्प लेंगे.
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान का 5 मार्च को जन्मदिन है और इस दिन वह 5 बड़े संकल्प लेने जा रहे हैं. शिवराज सिंह चौहान पर्यावरण, सेवा, सहायता, शिक्षा और प्रतिभा प्रोत्साहन को लेकर पंच पर प्रण लेंगे. वह अपने जन्मदिन पर विदिशा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस दौरान वह विदिशा क्षेत्र की जनता को सौगात देते हुए मामा कोचिंग क्लास, प्रेम सुंदर प्रतिभा सम्मान और मामा चलित अस्पताल जैसी अभियानों का शुभारंभ करेंगे.  
विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने के लिए उन्होंने 'मामा कोचिंग क्लासेस' की शुरुआत करने की घोषणा की है. इसकी शुरुआत विदिशा, रायसेन और भैरुंदा से होगी. यहां बैंकिंग, SSC, MPPSC, DRDO और फॉरेस्ट सर्विस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क और उच्च गुणवत्ता वाली तैयारी कराई जाएगी. शिवराज सिंह चौहान ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा है कि, इस बार उनके जन्मदिन पर कोई भी होर्डिंग न लगाए, शॉल या बुके लेकर न आए.
उन्होंने आग्रह किया कि यदि कोई उन्हें शुभकामना देना चाहता है, तो वह एक पौधा अवश्य लगाए. केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा, 'धरती माता को बचाने के इस पुण्य अभियान में मेरा साथ दें, आने वाली पीढ़ी के लिए जीवन सुरक्षित करना ही मेरा सबसे बड़ा उपहार होगा. मेरे जन्मदिन पर पौधे लगाने वाले लोग एक क्यूआर कोड के जरिए अपनी फोटो पोर्टल पर अपलोड करके शिव वृक्ष मित्र बन सकेंगे.'