भोपाल । 
 मध्यप्रदेश की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। सत्तापक्ष के एक वरिष्ठ नेता ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीति अब ‘ख्याली पुलाव’ तक सीमित रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने न देश के साथ न्याय किया, न किसानों, महिलाओं, छात्रों और धार्मिक आस्थाओं के साथ न्याय किया।
नेता ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जब नेतृत्व कमजोर होता है तो संगठन भी कमजोर हो जाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ‘अब कांग्रेस की थाली खाली है और डिब्बा गोल है।’ सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को आर्थिक सहायता, ‘लाड़ली बहना’ योजना के तहत महिलाओं को मदद, ‘भावांतर’ योजना, एक लाख सोलर पंप, अनुसूचित जाति-जनजाति छात्रों के लिए हॉस्टल निर्माण और प्रदेश में नए उद्योगों की स्थापना जैसे कदम विकास के प्रतीक हैं। उन्होंने दावा किया कि पहले प्रदेश पिछड़ा था, लेकिन अब विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा गया कि सरकार की हर योजना से कांग्रेस को परेशानी है, क्योंकि विकास की राजनीति उसके एजेंडे में नहीं है। सत्तापक्ष ने अंत में कहा कि प्रदेश के करोड़ों लोगों की ‘थाली भरी रहेगी’ और सरकार विकास के एजेंडे पर काम करती रहेगी।