भोपाल। 
गोरखपुर से भाजपा सांसद और भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता रवि किशन बुधवार को राजधानी भोपाल पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत उन्होंने सफाईकर्मियों को सम्मानित किया और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा की सफाई कर पुष्पांजलि अर्पित की। रवि किशन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की 140 करोड़ जनता का आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “हमारी उम्र भी मोदी जी को लग जाए। महादेव उन्हें शक्ति दें ताकि वे लंबे समय तक देश को विकसित भारत बनाने का नेतृत्व कर सकें।
कांग्रेस जहां हारती है, वहां वोट चोरी शुरू हो जाती है
राहुल गांधी के वोट चोरी संबंधी आरोपों का जवाब देते हुए रवि किशन ने तीखे शब्दों में कहा कि अगर भाजपा वोट चोरी करती, तो हमें 400 से ज्यादा सीटें मिलती। तब केवल एनडीए की सरकार ही नहीं, बल्कि प्रचंड बहुमत होता। उत्तर प्रदेश में हमें इतनी सीटें नहीं गंवानी पड़ती। कांग्रेस जहां जीतती है, वहां वोट चोरी नहीं होती? और जहां हारने लगती है, वहां अचानक चोरी शुरू हो जाती है?
ट्रंप और मोदी की बातचीत का जिक्र
उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी को यह समझना चाहिए कि दुनिया आज मोदी जी के नेतृत्व की सराहना कर रही है। “अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में फोन पर बात की, ट्वीट किया और धन्यवाद संदेश भेजा कि मोदी जी ने रूस-यूक्रेन युद्ध को रोकने के लिए प्रयास किए। राहुल गांधी को यह संदेश जरूर पढ़ना चाहिए। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कभी झूठ नहीं बोलते। “जब उन्होंने कहा था कि ट्रंप ने मध्यस्थता नहीं की, तो सचमुच नहीं की। अब तो पाकिस्तान के नेता का बयान भी आ चुका है।